DNN मंडी
5 जनवरी। मंडी जिला में कोरोना वैक्सीन पहुंचने के साथ ही कोरोना बचाव को लेकर टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। टीकाकरण अभियान के सफल संचालन हेतु तैयारियां परखने के लिए जिला में 11 जनवरी को 111 जगहों पर ‘ड्राई रन’ का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए 111 स्वास्थ्य संस्थानों को चिन्हित किया गया है। यह जानकारी कोरोना टीकाकरण जिला टास्क फोर्स के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने दी। वे कोरोना टीकाकरण के संबंध में गठित जिला टास्क फोर्स की उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला में आने वाले दिनों में टीकाकरण कार्य के लिए रणनीति को लेकर विचार विर्मश किया गया। उन्होंने कहा कि ‘ड्राई रन’ के जरिए जिला में टीकाकरण कार्य की संपूर्ण प्रक्रिया, को-विन पोर्टल में डेटा एंट्री और टीकाकरण स्थलों पर सुविधाओं की उपलब्धता को परखा जाएगा। जहां सुधार की जरूरत होगी, वे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि टीकाकरण का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि लोगों की बेहतर तरीके से देखभाल की जा सके।
11065 व्यक्तियों का डेटाबेस तैयार
सबसे पहले स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों (जिसमें स्वास्थ्य महकमे के सभी कर्मियों के साथ साथ आयुष एवं प्राइवेट स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का टीकाकरण किया जाएगा। प्रथम चरण के टीकाकरण के लिए जिले में अभी तक 11065 व्यक्तियों का डेटाबेस तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि टीकारकण का कार्य प्रमुख तौर पर स्वास्थ्य संस्थानों में ही होगा, लेकिन जहां इसके लिए पर्याप्त सुविधा नहीं होगी, वहां नजदीकी स्कूल भवन का उपयोग किया जाएगा।
को-विन पोर्टल का इस्तेमाल
उपायुक्त ने कहा कि टीकाकरण कार्य के सुचारू निष्पादन व निगरानी के लिए को-विन पोर्टल का इस्तेमाल होगा। इसके जरिए लाभार्थियों के पंजीकरण से लेकर टीकाकरण तक की सारी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी।
जिला प्रशासन की पूरी तैयारी
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन टीकाकरण कार्य को लेकर पूरी तरह तैयार है। अभियान के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां ली गई हैं। इसे लेकर पूरा मैकानिज्म विकसित करने के साथ कोल्ड चेन, परिवहन व भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। उन्होंने टीकाकरण अभियान के लिए सफल कार्यान्वयन के लिए सभी विभागों से बेहतर आपसी तालमेल से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स की इस बैठक का मकसद यही है कि सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी भूमिका व दायित्व को ठीक से समझ लें। जिला टास्क फोर्स हर 15 दिन में बैठक कर अभियान के सफल कार्यान्वयन की समीक्षा करती रहेगी।
स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जा चुका प्रशिक्षण
सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा ने अंतर विभागीय तालमेल व सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्य व को-विन पोर्टल के इस्तेमाल को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ‘ड्राई रन’ के जरिए पोर्टल के संचालन व टीकाकरण स्थलों में पर्याप्त सुविधाओं का सही आकलन हो जाएगा, जिससे जिन जगहों पर सुधार की जरूरत होगी, समय रहते की जा सकेंगी।
चार चरणों में होगा टीकारण
बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दिनेश ठाकुर ने बताया पहले चरण में स्वास्थ्य व आंगनबाड़ी कर्मियों के अलावा दूसरे चरण में राजस्व, पुलिस व शेष सफाई कर्मियों, तीसरे चरण में पहले से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों से ग्रसित लोगों व 50 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों और चौथे चरण में शेष नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनुराधा ने ‘को-विन पोर्टल’ के उपयोग व ‘वैक्सीन डिलीवरी प्रबंधन प्रणाली’ को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















