जिला को 15 दिसम्बर तक कोरोनामुक्त करने के किए जाएंगे प्रयास

Others Una

DNN कुल्लू

04 दिसम्बर। उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि यदि सभी लोग सहयोग करें तो जिला को कोरोनामुक्त बनाया जा सकता है। इसके लिए सरकार और प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का प्रत्येक व्यक्ति को इमानदारी के साथ पालन करना होगा। साथ ही कोविड-19 के संकट से निपटने के लिए बनाई गई समितियों व उड़न दस्तों को सौंपी गई जिम्मेवारी के निर्वहन के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे और जहां आवश्यकता हो, वहां सख्ती भी करनी होगी। वह शुक्रवार को जिला के समस्त एसडीएम, बीडीओ और बीएमओ के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग से कोरोना को रोकने के लिए किये जा रहे प्रयासोें पर चर्चा कर रही थी।
डाॅ. ऋचा वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने डीसी व एसपी के साथ हाल ही में हुए सम्मेलन के दौरान अनेक ऐसे दिशा-निर्देश दिए हैं जिन्हें धरातल पर क्रियान्वित करने के लिए सभी अधिकारियों को फील्ड में जाना होगा और एकजुट प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिसम्बर तक कोरोना संक्रमण का खतरा सबसे अधिक रहेगा और इस स्थिति से निपटने के लिए सभी प्राईमरी कन्टेक्ट की सैंपलिंग सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ आईसोलेशन व क्वारंटीन के नियमों की लगातार निगरानी करनी होगी। इसके अलावा, जिला में कोविड टेस्ट को हर रोज 600 तक बढ़ाना होगा।
सार्वजनिक समारोहों पर रहेगी कड़ी निगरानी
उपायुक्त ने कहा कि विवाह-शादी, मुंडन, जन्मदिन, मेला अथवा त्यौहार व अन्य सार्वजनिक समारोहों में केवल 50 लोगों की अनुमति है। ऐसे समारोहों की सूचना संबंधित एसडीएम अथवा तहसीलदार को पांच से 10 दिन पहले देना जरूरी है ताकि किसी प्रकार की उल्लंघना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि शादी में पूरे दिन केवल 50 ही लोग भाग ले सकते हैं। ऐसा नहीं है कि एक शिफ्टों में 50-50 की संख्या से लोग आएं। इसपर निगरानी के लिए जिला में एसडीएम की अध्यक्षता में उड़न दस्ते बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मकसद ऐसे समारोहों में किसी प्रकार का हस्तक्षेप अथवा चालान करना नहीं है, बल्कि लोगों को कोरोना जैसी महामारी से बचाना है। प्रायः ध्यान में आया है कि सार्वजनिक समारोहों में अनेक जगहों पर एक साथ बड़ी संख्या में लोग कोरोना पाॅजिटिव निकले हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर धाम का आयोजन नहीं कर पाएंगे तथा डीजे की भी अनुमति नहीं होगी। रसोईये की कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट होनी जरूरी है। ऐसे समारोहों में प्रत्येक व्यक्ति को अच्छे से मास्क का प्रयोग करना होगा और सामाजिक दूरी बनाकर रखनी होगी। इन सभी रस्मों पर उड्न दस्तों की नजर रहेगी। हालांकि मेजबान को नियमों व दिशा-निर्देशों के बारे में पहले बता दिया जाएगा। उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नित्य सैंपलिंग को 600 तक बढ़ाएं
डाॅ. ऋचा वर्मा ने सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को संबंधित खण्डों में सैंपलिंग को पहले से तीन गुणा करने को कहा। उन्होंने बंजार व जरी खण्डों में कम सैंपलिंग पर नाराजगी जाहिर करते हुए बीएमओ को निर्देश दिए कि बाजारों, ढाबों, संस्थानों तथा भीड़ वाले अन्य क्षेत्रों में रैण्डम सैंपलिग करके लक्ष्यों को पूरा करें। इसके लिए उन्होंने संबंधित एसडीएम को हर रोज संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित करने को कहा। उपायुक्त ने कुछ बीएमओ द्वारा प्राईमरी कन्टेक्ट की पूरी सैंपलिंग न करने पर असंतोष जताते हुए तुरंत से इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने भी सैंपलिंग को लेकर रिपोर्ट मांगी है और अगले 10 दिनों के दौरान 15 दिसम्बर तक जिला से 5000 कोविड-19 टेस्ट करना जरूरी है।
कंटेनमेंट जोन तक पहंुचे आईसोलेशन टीमें
उपायुक्त ने खण्ड विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में गठित आईसोलेशन टीमों को प्रत्येक आईसोलेशन क्षेत्र तक पहुंचने को कहा है। उन्होंने कहा कि होम आईसोलेशन कर रहे व्यक्ति तथा क्वारंटीन पर पारिवारिक सदस्यों से सभी प्रकार के नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करवाई जानी चाहिए ताकि कोरोना को आस-पास के क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सके। खण्ड विकास अधिकारी निरमण्ड ने अवगत करवाया कि उनके क्षेत्र में 78 एक्टिव मामले हैं और प्राथमिक सम्पर्कों की तलाश करके सैंपल लिये जा रहे हैं। उपायुक्त ने इस संबंध में स्थानीय निकायों व पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों का सहयोग लेने की भी बात कही।
वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध करवा जा रहे हैं पल्स आॅक्सीमीटर
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुशील चन्द्र ने अवगत करवाया कि जिला में पाॅजिटिव आए 50 वरिष्ठ नागरिकों को पल्स आॅक्सीमीटर उनके घर पर प्रदान किए गए हैं ताकि वे निरंतर आॅक्सीजन के स्तर की निगरानी रख सकें। उन्होंने कहा कि जिला में 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को पल्स आॅक्सीमीटर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के व्यवहार का किसी को भी पता नहीं है। यह वायरस व्यक्ति को कभी भी और कहीं पर भी अपनी जकड़ में ले सकता है। केवल और केवल मास्क का प्रयोग ही बचाव है और वैक्सीन भी यही है।
रोज रिपोर्ट सौंपे एसडीएम व बीडीओ
उपायुक्त ने एसडीएम से उडन दस्तों के निरीक्षण व बीडीओ से आईसोलेशन समितियों की कारगुजारी की नित्य प्रति रिपोर्ट उन्हें सौंपने को कहा। इसके लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एक प्रपत्र तैयार करेंगे और इसके अनुसार रिपोर्ट प्राप्त की जाएगी। इसके साथ ही अधिकारी संबंधित क्षेत्र की फीडबैक भी देंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों को कोरोना महामारी के बारे में जागरूक करना जरूरी है और फील्ड के सभी अधिकारी लोगों को सैंपलिंग लेने के लिए तथा नियमों का पालने करने के लिए प्रोत्साहित करने का भी कार्य करेंगे।
स्वेच्छा से सैंपलिंग करवाएं लोग
डाॅ. ऋचा वर्मा ने आम जनमानस से अपील की है कि वे अपना कोरोना टेस्ट करवाने के लिए स्वेच्छा से आगे आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बेशक व्यक्ति स्वस्थ दिखता है लेकिन हो सकता है कि वह किसी के संपर्क में आने से पाॅजिटिव होकर घूम रहा हो। इससे न केवल अपने आप को बल्कि अपने प्रियजनों को भी वह खतरे में डाल सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में समय पर परीक्षण न करवाने के कारण मौतें हुई हैं जो चिंताजनक है। यदि व्यक्ति में कोरोना के लक्षण हैं और स्वास्थ्य खराब हो रहा है तो तुरंत से चिकित्सक के पास जाकर जांच करवाना जरूरी है। इससे गंभीर खतरे से बचा जा सकता है।
समूह में बैठने व जलपान से बचें
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना का खतरा कई गुणा बढ़ जाता है जहां लोग एक साथ बैठे होते हैं अथवा जलपान कर रहे हों। इस प्रकार की भीड़-भाड़ से हर व्यक्ति को दूर रहना है। मास्क से मुंह व नाक दोनों अच्छे से ढके होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अथवा घर से बाहर मास्क का प्रयोग न करने पर एक हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। सभी लोग सहयोग करें तो जिला को कोरोना मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने संतोष जाहिर किया कि पिछले कुछ दिनों से जिला में कोरोना पाॅजिटिव के मामलों में काफी गिरावट आई है। लोग नियमों की पालना कर रहे हैं, यह देखकर खुशी होती है। साथ ही अधिकारी अपनी ड्यिूटि का इमानदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं जिससे नियमों की अनुपालना सुनिश्चित हो रही है।
अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एस.के. पराशर सहित अन्य अधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे।

News Archives

Latest News