DNN मंडी
10 नवम्बर । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी ने बताया कि 12 नवम्बर को मतदान करवाने के लिए मंडी जिला के सभी निर्वाचन क्षेत्रों से मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग स्टाफ रवाना हो गया है। इसके लिए 4760 पोलिंग स्टाफ 200 माइक्रो आबजर्वर तथा 117 सेक्टर आफिसर की तैनाती की गई है। मतदान के लिए मंडी जिला की 10 विधानसभाओं में 1190 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
जिला में सबसे अधिक ऊंचाई का पोलिंग स्टेशन द्रंग विधानसभा क्षेत्र का रूलंग पोलिंग स्टेशन है, इसकी समुद्र तल से ऊंचाई 9 हजार फुट है । यहां पर मतदाताओं की कुल संख्या 308 है जबकि सबसे कम ऊंचाई का पोलिंग स्टेशन मंडी विधानसभा क्षेत्र का खलियार पोलिंग स्टेशन है इसकी समुद्र तल से ऊंचाई केवल 747 फुट है और मतदाताओं की कुल संख्या 688 है। सुन्दरनगर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन चौगान में सबसे अधिक 1398 मतदाता हैं जबकि सबसे कम इसी विधानसभा के मतदान केन्द्र जरठू में केवल 95 वोटर हैं। सड़क से सबसे अधिक दूरी का मतदान केन्द्र सुन्दरनगर विधानसभा का मंजगांव पोलिंग मतदान केन्द्र है। इसकी सड़क से दूरी 10 किलोमीटर है और वहां पर 248 वोटर हैं।
मंडी जिला में सबसे ज्यादा 145 मतदान केन्द्र सराज विधानसभा में और सबसे कम 105 मतदान केन्द्र बल्ह में स्थापित किए गए है। मंडी सदर विधानसभा में सबसे अधिक 32, सुन्दरनगर 20, बल्ह में 14, जोगिन्द्रनगर में 5, सरकाघाट में 4 और करसोग में 2 मतदान केन्द्र शहरी क्षेत्रों में हैं जबकि सराज, द्रंग, नाचन और धर्मपुर में सभी मतदान केन्द्र ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।














