जमीन के मालिकाना हक को लेकर जारी है जंग, सरकार के प्रति रोष

Others Solan

DNN सोलन
लघु किसान कल्याण एकता सोलन की बैठक स्थानीय विश्रामगृह में जिलाध्यक्ष कांति प्रकाश की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सोलन तहसील के विभिन्न गांवों से आए चकौताधारक किसानों ने भाग लिया। बैठक में जिलाध्यक्ष कांति प्रकाश ने चकौताधारकों को सरकार की नई नीतियों के बारे में जानकारी दी। हालांकि बैठक में चकौताधारक किसानों ने जमींन का मालिकाना हक न मिलने पर रोष व्यक्त किया। बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि चकौताधारकों को जमींन का मालिकाना हक प्रदान करने के लिए सरकार इसे आने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में रखने की तैयारी कर रही है। इस तरह का आश्वासन लघु किसान कल्याण एकता सोलन को सरकार की तरफ से दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने चकौताधारकों को भूमि का मालिकाना हक देने के लिए जो शर्ते रखी गई थी उसमें मौजूद सभी त्रुटियों को सरकार द्वारा समाप्त कर दिया गया है। बैठक के उपरांत लघु किसान कल्याण एकता सोलन का शिष्टमंडल जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एडीएम सोलन विवेक चंदेल से उनके कार्यालय में मिला। इस दौरान शिष्टमंडल ने उन्हें अपनी मांगों के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। कांति प्रकाश ने एडीएम सोलन से मांग की कि उनकी लंबित मांगों को शीघ्र पूरा किया जाए। प्रदेशभर के चकौताधारक किसान वर्षों से जमींन का मालिकाना हक मिलने का इंतजार कर रहे हैं। जबकि केंद्र तथा राज्य सरकार ने किसानों के उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की है। उन्होंने कहा कि चाहकर भी चकौताधारक किसान सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमींन का मालिकाना हक न मिलने से चकौताधारक सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इस मौके पर लघु किसान कल्याण सोलन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News