जनमंच में चाहते है काम, तो 30 तक पहुंचाएं शिकायतें व समस्याएं

Nalagarh Others

DNN नालागढ़

उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने लोगों से आग्रह किया कि वे सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नवांग्राव में 02 दिसम्बर, 2018 को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के लिए शिकायतें एवं समस्याएं 30 नवम्बर, 2018 तक प्रेषित करें। प्रशांत देष्टा आज नालागढ़ में जनमंच के आयोजन के लिए बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
ज़िला का सातवां तथा नालागढ़ उपमण्डल का द्वितीय जनमंच 02 दिसम्बर को ग्राम पंचायत नवांग्राव स्थित शिवालिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, गुलाबपुरा में आयोजित किया जाएगा। इस जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के शिक्षा, संसदीय मामले तथा विधि मंत्री सुरेश भारद्वाज करेंगे।
प्रशांत देष्टा ने कहा कि लोग अपनी शिकायतें एवं समस्याएं सम्बन्धित पंचायत सचिव कार्यालय, खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय अथवा उपमण्डलाधिकारी कार्यालय को भेज सकते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शिकायत अथवा समस्या के लिए आवेदन में अपना मोबाईल नम्बर एवं पूरा पता अवश्य अंकित करें। इससे शिकायत पर की गई कार्यवाही की पूरी जानकारी शिकायतकर्ता तक पंहुचेगी। उन्होंने कहा कि 02 दिसम्बर को जनमंच में भी लोगों की शिकायतें पंजीकृत की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत नवांग्राव के गुलाबपुरा मंे आयोजित होने वाले जनमंच में ग्राम पंचायत नवांग्राव के साथ-साथ ग्राम पंचायत पंजैहरा, दभोटा, भोगपुर, गोल जमाला, बगलेहड़, कश्मीरपुर, माजरा व भाटियां की समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

News Archives

Latest News