DNN मंडी
ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने रविवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के गागल में जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम नागरिकों की हर छोटी-बड़ी समस्या के निदान के लिए प्रतिबद्ध है। हिमाचल सरकार गांव, गरीब, वंचितों को समर्पित है, योजनाओं का लाभ सभी लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित बनाया जा है।उन्होंने अधिकारियों से जनमंच कार्यक्रम को गम्भीरता से लेने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिये अतिरिक्त प्रयास करने को कहा।
इससे पहले ग्रमीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने प्रातः 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गागल के परिसर में जनमंच कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके बल्ह के विधायक इन्द्र सिंह गांधी उनके साथ मौजूद रहे। जनमंच में कुल 13 पंचायतों के लोगों की समस्याओं का निदान किया गया। कार्यक्रम में करीब 2400 लोगों ने भाग लिया। इनमें बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बैहना, चण्डयाल, भडयाल, सकरोहा, कुम्मी, खान्दला, नलसर, गोडागागल, लोहारा, कैहड़, बडसु, चलाह और दौहंदी के लोग उपस्थित रहे।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जनमंच के माध्यम से जनता और शासन के मध्य सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया है ताकि लोगों की समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचें। साथ ही सरकार जनता के घरद्वार पर उनकी दिक्कतों का समाधान सुनिश्चित कर सके। उन्होंने कहा कि केंद्र तथा राज्य सरकार ने जनकल्याण की अनेक योजनाएं शुरू की हैं, जरूरी है कि इन योजनाओं की जानकारी और लाभ लोगों तक पहुंचे तथा इस बारे लोगों के सुझाव सरकार को प्राप्त हों।
एक बूटा बेटी के नाम
ग्रामीण विकास मंत्री एवं विधायक इन्द्र सिंह ने कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की नई मुहिम ’एक बूटा बेटी के नाम’ के तहत पौधा रोपा एवं क्षेत्र की एक से तीन साल की बच्चियों के अभिभावकों को बच्चियों के नाम पर अपने घर-आंगन में फलदार पौधे लगाने के पौधे भेंट किये।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि यह बच्चियों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास है। यह मुहिम लिंगानुपात में सुधार के साथ-साथ प्राकृतिक असंतुलन ठीक करने में सहायक होगी। उन्होंने बेटी है अनमोल योजना के तहत बच्चियों के अभिभावकों को एफडीआर भी भेंट कीं।
इस मौके पर हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत 10 पात्र परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन व चूल्हे वितरित किए गए।
इस मौके विधायक इन्द्र सिंह ने जनमंच में पधारने पर ग्रामीण विकास मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि जनमंच घरद्वार पर लोगों की समस्याओं के निपटारे की प्रभावी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृृृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याएं प्राथमिकता पर निपटाने को कहा।
योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने का किया प्रयास
कार्यक्रम में उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने अवगत करवाया कि प्री-जनमंच अवधि में संबंधित 13 पंचायतों में पात्र लोगों को गृहिणी सुविधा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, बुढ़ापा, विधवा तथा दिव्यांग पैंशन, जनधन योजना, बेटी है अनमोल, डिजीटल राशन कार्ड, गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण व टीकाकरण, हर घर में शौचालय इत्यादि योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पहुंचाना तय किया गया है।इसके अतिरिक्त क्षेत्र में लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर और स्वच्छता शिविर लगाए गए।
‘जनमंच ने हमारी आवाज को महत्व दिया है’
‘जनमंच ने हमारी आवाज को महत्व दिया है, हमारी रोजमर्रा की समस्याओं का पक्का समाधान तय हुआ है।’ रविवार को मंडी जिला की बल्ह विधानसभा क्षेत्र के गागल में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में विभिन्न समस्याएं लेकर आए एवं समाधान प्राप्त करने वाले अनेक लोगों ने एक स्वर में यह बातें कहीं। लोगों ने जनमंच के माध्यम से हिमाचल सरकार की घरद्वार पर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं स्थाई समाधान करने की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार का आभार जताया।
जनमंच में निपटाए 218 मामले
जनमंच कार्यक्रम में कुल 218 समस्याओं का निपटारा किया गाया। इनमें 45 शिकायतें और 177 मांगें जनमंच से पूर्व की अवधि में प्राप्त हुई थीं, जबकि 23 समस्याएं और 86 मांगें जनमंच दिवस पर मिलीं। सभी 68 समस्याओं और 150 मांगों का निपटारा कर दिया गया और शेष मांगों को सम्बंधित विभागों को शीघ्र निपटारे के निर्देश के साथ सौंपा गया। इसके अलावा मौके पर 60 विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क चिकित्सा शिविर में करीब 92 लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। आयुर्वेदिक विभाग ने शिविर लगा कर 120 लोगों का स्वास्थ्य जांचा।
कार्यक्रम में सभी विभागों ने अपने अपने स्टॉल लगाकर लोगों को विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एसडीएम बल्ह धर्मेश रामोत्रा ने प्री जनमंच अवधि में संबंधित पंचायतों में किए गए कार्यों के बारे में अवगत करवाया।
अतिरिक्त उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने जनमंच की कार्यवाही का संचालन किया।
इस मौके जिला परिषद अध्यक्ष सरला ठाकुर, मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष निहाल चंद, बीजेपी के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, पंचायत समिति के अध्यक्ष अंजना रावत, भाजपा के मंडलाध्यक्ष हिमपाल राणा, बिजली बोर्ड के निदेशक मंडल की सदस्य प्रियंता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित पंचायतों के लोग उपस्थित रहे।
















