छात्रों को उत्तरदायी नागरिक बनाने में संस्कारयुक्त शिक्षा की भूमिका अहम – राम कुमार

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

12 दिसम्बर। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) राम कुमार ने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा के माध्यम से आज के छात्रों को भविष्य का उत्तरदायी नागरिक बनाया जा सकता है। राम कुमार आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर संडोली में वार्षिक पारितोषिक समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
राम कुमार ने विभिन्न श्रेणियों में विजेता रहे विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से अर्जित ज्ञान सदैव हमारी सहायता करता है। उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है और सभी को युवा पीढ़ी को अपने अनुभवों से परिचित करवाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशा एक क्षणिक सुख है जो भविष्य को अंधकार में धकेल देता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए शीघ्र ही शिक्षकों के रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में दून विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में शिक्षा के स्तर को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की श्रेणी में लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य सरकार सभी सरकारी स्कूलों में बड़ा परिवर्तन करने जा रही है। इसके तहत सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी में पढ़ाई शुरु की जाएगी। विद्यार्थियों को स्मार्ट यूनिफार्म प्रदान की जाएगी तथा बेहतर प्रबंधन के लिए स्कूलों का कल्स्टर बनाया जाएगा, ताकि यहां पढ़ने वाले छात्रों का आत्मविश्वास बढ़े।
उन्होंने कहा कि हरिपुर संडोली सड़क का जीर्णाेद्धार कार्य शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल की सभी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
राम कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर संडोली के बच्चों को अपनी ओर से 10 हजार रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी के प्रधानाचार्य राम लाल, पंचायत समिति सदस्य चरणो देवी, ग्राम पंचायत हरिपुर संडोली की प्रधान बेबी रानी, पूर्व प्रधान भाग सिंह, हरिपुर संडोली स्कूल एस.एम सी प्रधान मनप्रीत कौर, वार्ड पंच सरोज देवी, देव राम, श्याम लाल व स्कूल के अन्य अध्यापक एवं छात्र तथा अभिभावक इस अवसर पर उपस्थित थे।

News Archives

Latest News