DNN कुल्लू
आनी से 14 अप्रैल को चोरी हुए देवदार के 54 स्लीपर को बरामद करने में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस के अनुसार पुलिस थाना आनी के अंतर्गत 14 अप्रैल को शिकायतकर्ता गोकुल निवासी गांव व डाकघर श्वाड़ तहसील आनी जिला कुल्लू ने पुलिस थाना आनी में शिकायत दर्ज करवाई कि उसके फर्नीचर हाउस के बाहर रखे दयार लक़ड़ी के 54 स्लीपर चोरी हो गए हैं। शिकायत पर पुलिस थाना आनी में चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ की अगुआई में पुलिस ने चोरों और 54 स्लीपर की तलाश शुरु की। पुलिस ने आसपास तथा सड़क के किनारे लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले, सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने चोरी हुए 54 स्लीपर नगाली कैंची के पास किराए के शटर से बरामद किए हैं। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपित की पहचान हेमंत उर्फ गोलू पुत्र अमर सिंह गांव चलोहन डाकघर कमांद तहसील आनी जिला कुल्लू और तेज राम पुत्र टिक्कम राम निवासी गांव पारलीदार डाकघर कमांद तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि चोरी की घटना में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।















