चुनाव के प्रति जोश, बीजेपी के प्रति जनता में छलक रहा है भारी आक्रोश : राणा

Hamirpur Himachal News Politics
आम नागरिक चुनाव का बेसब्री से कर रहा है इंतजार
दरोगणपति कोट जनसभा में बोले राणा, बीजेपी नेता झांक रहे हैं बगलें
DNN हमीरपुर 18 अक्तूबर
आदर्श आचार संहिता के तुरंत बाद क्षेत्र में चुनावी संपर्क के लिए सक्रिय हुए प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि क्षेत्र में उन्हें भरपूर सहयोग, स्नेह, सम्मान व समर्थन मिल रहा है। जो कि उनकी बड़ी राजनीतिक उपलब्धि व सियासत में सफलता की बात है। राणा ने कहा कि आचार संहिता के बाद खुल कर सामने आई जनता के तेवरों से यह पूरी तरह साफ और स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी सरकार के प्रति आम जनता में भारी रोष व आक्रोश है। जबकि चुनाव को लेकर काफी जोश है। बीजेपी की तानाशाह नीतियों व खराब नीयत के कारण सताई जनता अब बस बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है। राणा ने सुजानपुर क्षेत्र में विभिन्न पंचायतों में नुक्कड़ सभाओं में शिरकत की व दरोगणपति कोट ग्राम पंचायत में मुख्य जनसभा  को संबोधन देते हुए राणा ने कहा कि दरोगणपति कोट जैसे दूरदराज क्षेत्र की जनसभा में जनता का इतनी बड़ी तादाद में उमड़ कर एकमत से समर्थन की बात करना न केवल पार्टी के लिए बल्कि उनके लिए भी गर्व की बात है। राणा ने कहा कि सुजानपुर का बच्चा-बच्चा उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा है और किसी भी मुकाबले के लिए तैयार है। इस स्थिति को देखकर जनता के चुनाव को लेकर जोश, जुनून व बीजेपी सरकार के प्रति जबरदस्त आक्रोश को देखते हुए बीजेपी के नेताओं के पांव तले जमीन सरक चुकी है। चुनाव प्रचार में किसी आम नागरिक के किसी भी मुद्दे व मसले पर जवाब देते हुए बीजेपी के लोग बगलें झांक रहे हैं। जिसको देखकर कहा जा सकता है कि सुजानपुर में चुनाव के नतीजे एक तरफा हो कर रह सकते हैं। कमोवेश यह स्थिति पूरे प्रदेश में एक जैसी बनी हुई है लेकिन विशेषकर अगर सुजानपुर के सूरते-हाल की बात करें तो पांच साल तक हर छोटे-बड़े विकास कार्य में सत्ता के दबाव और प्रभाव में अड़ंगा अड़ाने वाले अब चुनाव की बेला में जनता से नजर तक मिलाने से कतरा रहे हैं। क्योंकि जनता के किसी भी सवाल का कोई भी जवाब बीजेपी के नेताओं को नहीं मिल रहा है। जिसके चलते बीजेपी में अभी से मायूसी का माहौल बना है।

News Archives