DNN सोलन
परमाणु के चक्की मोड पर नेशनल हाईवे पर दरारें पड़ने के बाद डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने फिलहाल इस मार्ग पर से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण चक्की मोड पर भूस्खलन हो रहा है और बीच-बीच में यह मार्ग बंद हो रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा लोक निर्माण विभाग व नेशनल हाईवे की मशीनरी रोड खुलवाने के लिए मौके पर तैनात की गई है और भूस्खलन होने के बाद तुरंत उसे हटाने का कार्य भी मौके पर चल रहा है, लेकिन इसी बीच नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने डीसी सोलन मनमोहन शर्मा को जानकारी दी है कि नेशनल हाईवे पर कुछ दरारें देखी गई है ऐसे में यहां से बड़े वाहनों के गुजरने पर रोक लगाने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने आगामी आदेशों तक रविवार से यहां पर सभी प्रकार के भारी वाहनों के गुजरने पर रोक लगा दी है।
वही सोलन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह इस मार्ग के बजाय वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग सोलन व शिमला आने जाने के लिए करें। एसपी सोलन गौरव सिंह ने कहा कि एतिहात के तौर पर लोगों को वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करना चाहिए इस संबंध में पुलिस ने एक रूट मैप भी जारी किया है।
















