गोलीकांड मामले में हरियाणा से दो और लोग गिरफ्तार अब तक 8 गिरफ्तारियां

Crime Sirmaur

-सोमवार को गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में किया जाएगा पेश
DNN नाहन। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब के भूपपुर क्षेत्र में हाल ही में एक युवक के साथ मारपीट के बाद देसी कट्टे से गोली चलाने के सनसनीखेज मामले में रविवार को पुलिस ने हरियाणा के 2 व्यक्तियों के साथ 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक पुलिस 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आज गिरफ्तार पांचों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पुलिस रिमांड हेतु पेश किया जाएगा।
बता दें कि इसी माह 21 दिसंबर को पांवटा साहिब के भूपपुर में देर शाम शिवपुर बरोटीवाला गांव निवासी 28 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र सोहनलाल पर उस समय आरोपियों ने जानलेवा हमला किया था, जब वह अपनी गाड़ी का काम करवा रहा था। इस दौरान आरोपियों ने गंडासी, रोड व लोहे के पाइप से उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। मारपीट के बाद भागते हुए हमलावरों ने देसी कट्टे से फायर कर दिया। वारदात में युवक के बाजू के समीप से गोली निकल गई थी, लेकिन मारपीट में महेंद्र सिंह घायल हो गया था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज व शिकायतकर्ता के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपी दीपक चौधरी, साजिद अली व गौरव भंडारी को गिरफ्तार किया था।
इस मामले में अब रविवार को वारदात में शामिल पांच और आरोपियों मुकुल पुत्र विकास निवासी गांव पुरुवाला तहसील पांवटा, कश्मीर सिंह उर्फ मंगी पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव आमवाला तहसील पांवटा, टेक चंद उर्फ टिंकू पुत्र राम चंद्र निवासी माजरी तहसील व जिला अंबाला हरियाणा, मेहरबान पुत्र कमरउदीन, निवासी गांव मेहरूवाला, डाकघर भंगानी व दीपक सैनी पुत्र विक्रम सैनी निवासी शक्ति कॉलोनी जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा को गिरफ्तार किया है।
डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार 5 आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। शीघ्र ही हमले में इस्तेमाल कट्टे को भी बरामद किया जाएगा। पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है।

News Archives

Latest News