गोबिंद सागर झील में शुरू हुई वाटर स्पोर्ट्स, वीरेंद्र कंवर ने किया शुभारंभ

Others Sports Una
DNN ऊना, 2 अक्तूबरः
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत अंदरौली में जल क्रीड़ाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं हाई स्पीड मोटर बोट और वाटर स्कूटर से गोबिंद सागर झील की सैर की।
अपने संबोधन में वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आज का दिन कुटलैहड़ के इतिहास में मील का पत्थर सिद्ध होगा। कुटलैहड़ की जनता का इंतजार आज खत्म हुआ और गोबिंद सागर झील अभिशाष न रह कर अब वरदान बन गई है। उन्होंने कहा कि गोबिंद सागर झील में जल क्रीड़ाएं शुरू होने से पर्यटन बढ़ेगा, जिससे पूरा कुटलैहड़ क्षेत्र समृद्ध होगा और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और जल क्रीड़ाएं शुरू होने से क्षेत्र का नाम विश्व के मानचित्र पर चमकेगा। उन्होंने कहा कि गोबिंद सागर झील के लठियाणी छोर पर भी इसी तरह की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सोहारी भंजाल में इको पार्क, एक्वा पार्क, बटरफ्लाई पार्क का निर्माण किया जा रहा है और अंदरौली की तर्ज पर वहां भी पर्यटकों के लिए सुविधाएं जुटाई जाएंगी। गोबिंद सागर झील में साहसिक खेल गतिविधियां शुरू होने पर उपायुक्त ऊना राघव शर्मा के प्रयासों की सराहना की।
कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ में हर घर तक पानी और सड़क की सुविधा पहुंचाई गई है। पिछले पौने पांच वर्षों में विकास की कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए आउटलेट खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग के माध्यम से ऊना सुपर-50 योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री कोचिंग दी जा रही है। इसके अतिरिक्त थाना कलां में टेलीमेडिसन सुविधा भी दी जा रही है, जिसमें एम्स व पीजीआई के डॉक्टर विशेषज्ञ सलाह देते हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने पिछले पांच वर्ष में डबल इंजन सरकार की ताकत को महसूस किया है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरे समर्पण के साथ-साथ जन-जन की सेवा की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का नारा दिया है, जिसकी शुरूआत हम आत्मनिर्भर कुटलैहड़ करेंगे। किसानों की आय को बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शिवा परियोजना के जरिए फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं।

News Archives

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *