गांव में छुपा हुआ था हत्या का आरोपी पहुंच गई पुलिस की टीम हुआ गिरफ्तार

Crime Shimla
Dnewsnetwork
शिमला पुलिस (Shimla Police) ने हत्या के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से यह व्यक्ति फरार चल रहा था और पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
एसएसपी गौरव सिहं (SSP Gaurav Singh) ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या का एक मामला ठियोग क्षेत्र में सामने आया था। उन्होंने बताया कि यह मामला ग्राम जराई निवासी जगदीश के बयान पर दर्ज किया गया, जो कृषि एवं बागवानी का कार्य करते हैं। उनके अनुसार उन्होंने अपने बाग में स्थित डेरे के दो कमरों में कार्य के लिए एक नेपाली परिवार को ठहराया हुआ था। उक्त परिवार में सुरेश (नेपाली), उसकी पत्नी, उनकी तीन बेटियाँ, दो बेटे तथा भांजा धनी राम शामिल थे। 28 फरवरी को सुबह जब जगदीश डेरे पर पहुंचे, तो दोनों कमरे बंद पाए गए तथा वहां कोई मौजूद नहीं था। जांच करने पर पहला कमरा खाली मिला। दूसरे कमरे में धनी राम फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला तथा वह सांस नहीं ले रहा थ और घटना के बाद से सुरेश (नेपाली) अपने परिवार सहित मौके से फरार हो गया था।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम जुन्नगा से निरीक्षण करवाया। घटनास्थल पर मौजूद भौतिक एवं डिजिटल साक्ष्यों को पुलिस ने कब्जे में लिया और मामले की जांच के लिए पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तथा तीन टीमों को अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के लिए भेजा गया। संदिग्ध व्यक्ति का विवरण मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, स्थानीय लोगों से पूछताछ तथा डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। खुफिया जानकारी के आधार पर यह पाया गया कि आरोपी सुरेश शरमला पंचायत के गांव शर्मठू में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा शर्मठू गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में हुई अभी तक की जांच में पाया गया कि आरोपी ने शराब के नशे में पुरानी रंजिश के चलते एक कृषि उपकरण को हथियार के रूप में प्रयोग कर धनी राम की निर्मम हत्या कर दी। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।

News Archives

Latest News