DNN मंडी
सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य व बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मेले, हमारी समृद्ध विरासत को सँजोने, सहेजने और आगे बढ़ाने का कारगर साधन हैं। इनसे भाईचारे और आपसदारी की भावना को बल मिलता है। साथ ही ये गांवों-ग्रामीणों की आर्थिकी को मजबूती देते हैं। एक ही जगह पर घरेलु जरूरतों का साजो-सामन व मिठाईयों आदि मिलने से खरीददारी में लोगों को सुविधा होती है। मेलों में पहलवानों के कुश्ती प्रदर्शन से सभी का मनोरंजन होता है, और लोग इनका आनंद लेते हैं।
वे मंगलवार सायं सुंदरनगर उपमंडल के प्रसिद्ध मुरारी माता मंदिर मेले के समापन अवसर पर बोल रहे थे। महेंद्र सिंह ठाकुर ने लोकसभा चुनावों में भाजपा की सफलता खासकर प्रदेश में उम्दा प्रदर्शन के लिए सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन हितैषी नीतियों और हिमाचल में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की विकास नीतियों को सभी ने पूरे दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुरारी माता मंदिर के साथ लगते तीनों विधानसभा क्षेत्रों सुंदरनगर, बल्ह और सरकघाट में पेयजल आपूर्ति की कोई समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने लोगों की मांग पर मंदिर के लिए बनी कच्ची सड़क को पक्का करवाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर बल्ह के विधायक इंदर सिंह गांधी ने अपने सम्बोधन में सभी को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मंदिर परिसर में छिन्ज मैदान में शैड के निर्माण के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मंदिर तक की कच्ची सड़क को पक्का करने के कार्य को वे अपनी विधायक प्राथमिकता में डालेंगे। मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष अमर सिंह ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया और समिति की विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। इस मौके महेंद्र सिंह ठाकुर और इंदर सिंह गांधी ने कुश्ती प्रतियोगिता का आनंद भी लिया। मंडी के पंकज पहलवान ने बड़ी कुश्ती में चम्बा के नवाज़ अली को हराया। मंत्री ने विजेता को गदा और नकद राशि देकर सम्मानित किया।