क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार पर व्यय होंगे सवा करोड़: सरवीन चौधरी

Kangra Politics
DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने आज शाहपुर में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंनेे शाहपुर विधान सभा क्षेत्र में बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को शीघ्र ठीक करने के सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंनेे बताया कि इस क्षेत्र की छः विभिन्न सड़कों की टायरिंग के लिए लगभग एक करोड़ दस लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से हारचक्कियां-परगोड़, हारचक्कियां थाणा से धार खास और कलरू की दो-दो किलोमीटर सड़क की टायरिंग की जायेगी।
  शहरी विकास मंत्री ने बताया कि इसके अतिरिक्त छेला सड़क में एक किलोमीटर, मनेई से भरूपलाहड़ सड़क पर एक किलोमीटर तथा चंबी -चड़ी सड़क पर तीन किलोमीटर पर टायरिंग की जायेगी। उन्होंने विभाग को टायरिंग करते समय गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने सलोल सड़क तथा सलवाणा सड़क की मरम्मत करने के आदेश भी संबंधित विभाग को दिये ताकि लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
  सरवीन चौधरी ने कहा कि सड़कें सही मायने में जीवन रेखाएं हैं क्योंकि इनके माध्यम से हर क्षेत्र का त्वरित विकास होता है, लोगों को परिवहन की सुविधा मिलती है और उन तक योजनाओं के लाभ पहुंचते है। राज्य सरकार ने प्रदेश में सड़क घनत्व को बढ़ाने तथा अधिक से अधिक गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए कारगार कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि गांवो व बस्तियों को शीघ्रता से सड़क से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सड़क योजना शुरू की है। जिसके लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 50 करोड़ रुपये बजट का प्रावधान किया गया है।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News