कोविड-19 संकट को गंभीरता से लें संबंधित विभाग: डाॅ. गुलेरिया

Himachal News Kullu

DNN कुल्लू

17 नवम्बर।  कोरोना संक्रमण तेजी के साथ फैल रहा है और लोग उतने ही बेपरवाह दिखाई दे रहे हैं। सरकार के दिशा-निर्देशों की कड़ाई के साथ अनुपालना सुनिश्चित बनानी होगी और साथ ही लोगों को इमानदारी के साथ सभी आवश्यक एहतियात बरतने होंगे। यह बात एसडीएम डाॅ. अमित गुलेरिया ने कुल्लू के देवसदन में कोविड-19 की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक में खण्ड विकास अघिकारियों, खण्ड चिकित्सा व राजस्व अधिकारियों ने भाग लिया।
डाॅ. गुलेरिया ने कहा कि गांव-गांव तक लोगों को कोरोना वायरस के बारे में तथा इस महामारी के लक्षणों बारे जागरूकता उत्पन्न करने की आवश्यकता है। इसके अलावा लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क अथवा फेस कवर का इस्तेमाल करने व एक से दो गज की सामाजिक दूरी के नियमों की अनुपालना करने के बारे में भी शिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग कई जगहों पर अनावश्यक भीड़-भाड़ को बढ़ावा दे रहे हैं जिस कारण कोरोना के मामलों में निरंतर बढ़ौतरी हो रही है।
एसडीएम ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों में जागरूकता फैलाने को कहा। उन्होंने कहा कि पंचायतों में चुने हुए प्रतिनिधियों को कोविड पाॅजिटिव मामलों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने की आवश्यकता है ताकि दूसरे लोगों में संक्रमण न फैले। उन्होंने कोरोना पाॅजिटिव लोगों की आईसोलेशन तथा उपचार की खण्ड चिकित्सा अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बढ़ते मामलों के दृष्टिगत अस्पतालों व कोविड केयर सेंटरों में सभी प्रकार के प्रबंध सुनिश्चित बनाने को कहा।
डाॅ. गुलेरिया ने आम जनमानस से अपील की है कि कोरोना को हल्के में लेने की भूल नहीं की जानी चाहिए। लगातार बढ़ते मामले सभी के लिए चिंता का कारण है। लोगों को यदि अपने आप को सुरक्षित रखना है तो मास्क का नियमित उपयोग और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। बार-बार हाथ धोना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस नाक व मुंह के माध्यम से मानव शरीर में प्रवेश करता है, इसलिए मास्क को बार-बार हाथ लगाना भी सुरक्षित नहीं है।

News Archives

Latest News