DNN ऊना
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कोरोना आपदा से हिमाचल प्रदेश को राहत पहुँचाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को अब तक 2930 करोड़ रुपए व 37000 मीट्रिक टन राशन पहुँचाये जाने की जानकारी दी है। अनुराग ठाकुर ने कहा”आज पूरी दुनिया कोरोना वायरस की चपेट में है और इस इस वैश्विक आपदा से निपटने के लिए सभी देश युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। हमारा देश भी इस से अछूता नहीं है जिसे देखते हुए देश की मोदी सरकार अपने नागरिकों को स्वस्थ व सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी सम्भव उपाय कर रही है। कोरोना आपदा के संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने नेतृत्व में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज का गठन किया गया है जिसके अंतर्गत ग़रीबों, मज़दूरों, किसानों, विधवाओं व दिव्यांगजनों के लिए आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। पूरे देश में अब तक 43 करोड़ से भी ज़्यादा लोगों को 70000 करोड़ रुपए से ज़्यादा की आर्थिक सहायता दी गई है”
अनुराग ठाकुर ने कहा” हिमाचल प्रदेश में भी ज़रूरतमंदों प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज का पूरा लाभ मिला है।प्रधानमंत्री गरीब कल्याण पैकेज के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को अब तक 352 करोड़ रुपए ट्रांसफ़र किए गये हैं।पीएम किसान योजना के 8 लाख 70 हज़ार से भी ज़्यादा लाभार्थियों को 174 करोड़ रुपए से ज़्यादा की राशि उनके खातों में ट्रांसफ़र कर दी गई है।पीएम जनधन योजना के 6 लाख 13 हज़ार से ज़्यादा खाताधारकों के बैंक खातों में 30 करोड़ से ज़्यादा की राशि केंद्र सरकार द्वारा ट्रांसफ़र कर दी गई है। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 1 लाख 11 हज़ार से अधिक वृद्धों ,विधवाओं और दिव्याँगों को लगभग 5 करोड़ 59 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।बिल्डिंग एंड कंस्ट्रक्शन फंड के 1 लाख 11 हज़ार से अधिक लाभार्थियों को 22 करोड़ 35 लाख से अधिक की आर्थिक मदद केंद्र सरकार द्वारा की गई है ।ईपीएफ़ओ के 6 हज़ार 559 से ज़्यादा लाभार्थियों को 13 करोड़ से 84 लाख से ज़्यादा की राशि ट्रांसफ़र कर दी गई है”















