DNN ऊना
15 जुलाई। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज दिल्ली में केंद्रीय पशु पालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला से दिल्ली में भेंट कर हिमाचल प्रदेश के लिए 14.85 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी देने का आग्रह किया।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि राष्ट्रीय गोजातीय प्रजनन कार्यक्रम (एनपीबीडी) के तहत तीसरी किस्त के रुप में हिमाचल प्रदेश को 9.13 करोड़ रुपए की धनराशि जारी होनी है, जिसे केंद्र शीघ्र मंजूरी दे। इसके अलावा रेड सिंधी तथा साहीवाल नस्ल की देसी गायों के लिए आईवीएफ लैब स्थापित करने के लिए भी 1.12 करोड़ का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। इस परियोजना को मंजूरी मिलने से हिमाचल प्रदेश में दूध का उत्पादन बढ़ेगा तथा दूध की गुणवत्ता में भी सुधार होगा, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
कंवर ने पुरुषोत्तम रुपाला को बताया कि मंडी जिला के चौंतड़ा में 4.60 करोड़ रुपए की लागत से कड़कनाथ पोल्ट्री हैचरी खोलने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है। इस परियोजना को केंद्र सरकार जल्द हरी झंडी दे, ताकि पोल्ट्री उत्पादन को राज्य में बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने रुपाला को बताया कि केंद्रीय कुक्कुट विकास संगठन (सीपीडीओ) खोलने के लिए राज्य सरकार ने जिला ऊना में अंब उपमंडल के तहत बेहड़ी में 3.75 हेक्टेयर भूमि का चयन किया गया है। यह भूमि पशु पालन विभाग के नाम पर स्थानांतरित हो चुकी है। सीपीडीओ के खुलने से हिमाचल प्रदेश में पोल्ट्री सैक्टर को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर खुलेंगे। केंद्रीय पशु पालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने वीरेंद्र कंवर की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।















