DNN सोलन
जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक की आज आयोजित विशेष बैठक में सर्वस मति से कृष्ण चंद शर्मा को बैंक का उपाध्यक्ष चुना गया। बैठक की अध्यक्षता बैंक के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने की। यह जानकारी आज यहां बैंक के प्रबंध निदेशक टशी संडूप ने दी। टशी संडूप ने कहा कि बैठक में बैंक की निदेशक चंद्रकांता शर्मा ने उपाध्यक्ष पद के लिए कृष्ण चंद शर्मा के नाम का प्रस्ताव किया। विनोद ठाकुर एवं राम गोपाल ठाकुर ने उनके प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि तदोपरांत सर्वस मति से कृष्ण चंद शर्मा को बैंक का उपाध्यक्ष चुना गया।
उन्होंने कहा कि बैंक की विशेष बैठक प्रदेश के पंजीयक सहकारी सभा के निर्देश पर आयोजित की गई। बैठक में निदेशक मण्डल के 5 सदस्यों द्वारा निवर्तमान उपाध्यक्ष केवल कृष्ण भारद्वाज के विरूद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की गई। निदेशक मण्डल ने पंजीयक सहकारी सभा द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक जिला अंकेक्षण अधिकारी सोलन बुद्धि राम की देखरेख में अविश्वास प्रस्ताव को सर्वस मति से पारित किया।
बैंक के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने इस अवसर पर नवनियुक्त उपाध्यक्ष कृष्ण चंद शर्मा को बधाई देते हुए आशा जताई कि उनके अनुभव से बैंक लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि कृष्ण चंद शर्मा लंबे समय से सहकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और उनका व्यापक अनुभव बैंक की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में सहायक रहेगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही निदेशक मण्डल की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बैंक से संबंधित नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे तथा गत तिमाही में बैंक द्वारा की गई ऋण वसूली एवं अन्य ऋण अदायगी के वितरण के संबंध में प्रगति की समीक्षा की जाएगी।















