DNN कुल्लू
उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने जानकारी दी है कि जिला में बाहरी क्षेत्रों से अभी तक कुल 5548 लोग आएं हैं और सभी को क्वारंटीन किया गया। अभी तक 4378 लोगों ने क्वारंटीन की अवधि को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है जबकि 1170 व्यक्ति अभी भी क्वारंटीन पर हैं।
उन्होंने कहा कि जिला से अभी तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 768 लोगों के सैंपल लिए गए हैं जिनमें से 708 की रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। 707 सैंपल नेगेटिव आएं हैं, जबकि बुधवार को एक रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। 60 सैंपलों की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं कि बाहरी प्रदेशों विशेषकर रेड जोन से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सैंपल लेना सुनिश्चित बनाएं। इसके अतिरिक्त लक्षण वाले व्यक्ति का सैंपल भी तुरंत से लिया जाना चाहिए ताकि संक्रमण की चेन न बन पाए।
डीसी ने कहा कि अब दुकानों को खुला रखने की समयावधि को बढ़ाकर आठ घण्टे कर दिया गया है और जिला के अंदर वाहनों के प्रयोग के लिए अनुमति की आवश्यकता भी नहीं है, जिस कारण शहरों व उप-नगरों में लोगों और वाहनों की अधिक आवाजाही हो रही है। उन्होंने जिला के लोगों से अपील की है कि अनावश्यक अपने घरों से न निकलें, दो गज की दूरी तथा फेस कवर इन बातों का विशेष ख्याल रखें जिससे हम कोरोना संक्रमण से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रकार की रियायतें प्रदान करने का अर्थ यह विल्कुल भी नहीं कि बाजारों में अथवा गलियों में अनावश्यक भीड की जाए। ऐसा करना सभी के लिए असुरक्षित है।















