DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
13 सितंबर। कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर कुमारहट्टी में उड़ रहे धूल-मिट्टी के गुब्बार से हर कोई परेशान हो गया है।फोरलेन निर्माण कार्य चला होने से उड़ रही धूल-मिट्टी से लोगों को भयानक बीमारियों का खतरा मंडराने लग गया है। साथ ही कुमारहट्टी में 24 घण्टे तैनात पुलिस कर्मियों को भी धूल-मिट्टी में ट्रैफिक व्यवस्था सम्भालनी पड़ रही है। स्थानीय दुकानदारों का सामान भी इस धूल से खराब हो रहा है। इससे स्वास्थ्य के साथ-साथ दुकानदारों को दुकान में रखे समान के खराब होने की चिंता भी सत्ता रही है, लेकिन फोरलेन निर्माता कंपनी द्वारा इस उड़ रही धूल-मिट्टी पर न तो पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही सड़क को पक्का करने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने कई बार फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी से यहां पर पानी का छिड़काव करने के लिए कहा जा चुका है, परन्तु कंपनी द्वारा सरेआम से इस बात को अनसुना किया जा रहा है। इसका खामियाजा मजबूरन लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
बता दे कि कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर परवाणू से सोलन(चंबाघाट) तक प्रथम चरण में काम इन दिनों चला हुआ है। परवाणू सोलन के बीच सनवारा व कुमारहट्टी में फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। फ्लाईओवर निर्माण से अधिक परेशानी लोगों को कुमारहट्टी में आ रही है। पिल्लर लगाने के लिए खोदी गई सड़क के बाद इस सड़क को अभी तक पक्का नहीं किया गया हैं। इस कारण कुमारहट्टी में लगभग 200 मीटर का पेच पूरी तरह से खराब पड़ा है। अधिक बारिश में यहां पर दलदल बन जाता है, तो साफ मौसम में लोगों को यहां पर धूल-मिट्टी में रहना पड़ता है।
गौरतलब हो कि वर्ष 2019 की बरसात में यहां पर जाम लगने का बड़ा कारण भी फ्लाईओवर निर्माण था। फ्लाईओवर निर्माण के लिए पिल्लर लगाने को लेकर खोदी गई सड़क से यहां पर सड़क का लेबल ऊपर-नीचे हो गया था। इस कारण यहां पर लोगों को कई घण्टों तक जाम में खड़े रहना पड़ा था और अधिक जाम टूरिस्ट सीजन में लगा था। बीते दिनों बरसात में यहां पर दलदल बना हुआ था। इससे भी लोग काफी परेशान हुए थे, लेकिन अब साफ मौसम में धूल-मिट्टी में लोग अधिक समस्या झेलनी पड़ रही है।















