कानून व्यवस्था और आपातकाल में HOME GAURD का योगदान सराहनीय: सरवीण

Kangra Politics

DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने आज वाहिनी प्रशिक्षण केंद्र धनोटू में गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा के तृतीय दोहराई शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12 वाहिनियों में लगभग 8000 गृह रक्षक तैनात हैं और कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये स्थानीय पुलिस तथा आपातकाल में पैरा मिल्ट्री एवं सैन्य बलों के साथ गृह रक्षकों का सराहनीय योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के गृह रक्षक अनुशासन, ईमानदारी, और कर्तव्यपरायणता के लिए जाने जाते हैं। अब गृह रक्षकों की कार्य प्रणाली में बहुत बदलाब आया है इसके लिए वह बधाई के पात्र हैं और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह मेहनत करके और पूरी तन्मयता एवं सेवा भाव से कार्य करते रहेंगें। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में नई चुनौतियों का सामना करने के लिए हम सब को तत्पर रहना होगा।

इस शिविर में 60 गृह रक्षकों ने खाली हाथ ड्रिल, राइफल के साथ ड्रिल, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार इत्यादि का प्रशिक्षण एवं पुनरभ्यास प्राप्त किया। नवीं वाहिनी के आदेशक मेजर विकास सकलानी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया व प्रशिक्षण केंद्र में चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों बारे जानकारी देते हुए कहा कि गृह रक्षक विभिन्न विभागों में सेवाएं देने के साथ साथ स्वच्छ भारत अभियान, आपदा प्रबंधन जैसे अभियानों में भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं ।

 

इस अवसर पर गृह रक्षकों ने भव्य मार्च पास्ट के साथ शहरी विकास मंत्री को सलामी दी और सुरीले सुरों के साथ बैंड का प्रदर्शन किया। शहरी विकास मंत्री ने उत्कृष्ट गृह रक्षक अधिकारियों व जवानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया व प्रशिक्षण केंद्र परिसर का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर वाहिनी के प्रशासनिक अधिकारी कुशल कटोच, कम्पनी कमांडर विपन,जमना गुरंग, बलदेव पटियाल, विपिन चंद, एसपीसी दलगीर सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई राजीव महाजन, बाल विकास अधिकारी अशोक शर्मा, बीडीओ मुनीश चौधरी, उप प्रधान अमी चंद, राकेश चौहान, राकेश मनु, कमल शर्मा, अश्वनी चौधरी, सुनित कुमार के इलावा प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारी, गृह रक्षक व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

News Archives