कांगड़ा जिला में खुलेंगे पशु चिकित्सालय तथा औषधालय

Kangra Others

DNN धर्मशाला

उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कांगड़ा जिला में अब पशु पालन विभाग के चिकित्सालय तथा पशु औषधालय भी 13 अप्रैल से खोल दिए जाएंगे इसका समय प्रातः 9ः30 बजे से सांय चार बजे तक निर्धारित किया गया है। कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं की जांच घर द्वार पर ही करने के आदेश पशु पालन विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं।  पशु पालक अपने पशुओं की बीमारी को लेकर नजदीकी पशु औषधालय में संपर्क करें वहीं से चिकित्सक या वेटनरी फार्मासिस्ट पशु पालकों के घर द्वार पहुंचकर उपचार की सुविधा प्रदान करेगा। छुट्टी वाले दिनों को छोडकर अन्य सभी कार्य दिवसों में यह पशु चिकित्सालय तथा औषधालय खुले रहेंगे। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कोरोना के संक्रमण को फैलाने से रोकने के लिए हरंसभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा आम नागरिकों को नियमित तौर पर दिशा निर्देश भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करना जरूरी है तथा सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखा जाए तथा घरों में रहकर परिवार तथा समाज को सुरक्षित रखने में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
स्कूलों में बुक स्टोर खोले तो होगी कार्रवाई:
  उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कांगड़ा जिला में प्रातः आठ बजे से 11 बजे तक स्टेशनरी की दुकानें खोलने के आदेश दिए गए हैं जबकि स्कूल पूरी तरह से बंद रहेंगे और स्कूलों के बुक स्टोर भी बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर आदेशों की उल्लंघना की गई तो संबंधित स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
किरायेदारों को दें मोहलत:
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार अगले एक माह तक मकान मालिकों को किराया नहीं मांगने के लिए कहा गया है तथा ऐसी स्थितियों में अगर किरायेदार से किराया मांगा गया तथा जबरन मकान से निकाला गया तो मकान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
धार्मिक सद्भाव बनाए रखें:
उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि धार्मिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अपने अपने स्तर पर समाज को प्रेरित करें तथा किसी भी स्तर पर धार्मिक सद्भाव को प्रभावित करने वाली किसी भी तरह की अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती से निपटा जाए। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोरोना को लेकर झूठी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने का प्रावधान किया गया है तथा सभी नागरिकों को सोशल मीडिया या फेक न्यूज पोस्ट करने से बचना चाहिए और कोरोना वायरस से बचाव के लिए सामाजिक दूरी तथा घरों में रहना सुनिश्चित करना चाहिए।
जिला में आवश्यक खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति:
 उपायुक्त राकेश प्रजापति ने बताया कि 11 अप्रैल को कांगड़ा जिला में 12 गाड़ियां ब्रेड की, 238 सब्जियों के वाहन, दूध की 72 तथा 39 गाड़ियां रसोई गैस की,  अनाज की 245 गाड़ियों तथा मेडिसन की 28 वाहनों के माध्यम से आपूर्ति की गई है। पेट्रोल डीजल की दस वाहनों के माध्यम से आपूर्ति की गई है।

News Archives

Latest News