DNN नौहराधार
27 अप्रैल। सिरमौर जिला के दुर्गम क्षेत्र लानाचेता में बुधवार को श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार को सवर्ण समाज के विरोध का सामना करना पड़ा। देवभूमि क्षेत्रीय संगठन व सवर्ण समाज के लोगों ने इस दौरान जमकर विधायक के खिलाफ नारेबाजी की।
दरअसल कांग्रेस विधायक विनय कुमार वाया लाना चेता पनारा गांव किसी कार्यक्रम में जा रहे थे। इसी बीच लानाचेता पहुंचने पर सवर्ण समाज एवं क्षेत्रीय संगठन के लोगों ने उन्हें रोक लिया और गो बेक के नारे लगाए। यहां पर भारी संख्या में महिलाएं व पुरुष एकत्रित हुए थे और बीच सड़क में बैठकर विनय कुमार की गाड़ी को रोक दिया गया। सवर्ण संगठन के कार्यकर्ताओं ने गो बेक के नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक को काले झंडे भी दिखाए गए।
हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सवर्ण समाज व क्षत्रिय संगठन के कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास जरूर किया, लेकिन सवर्ण संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक न सुनी और विधायक के सामने नारेबाजी शुरू कर दी। विधायक विनय कुमार को लानाचेता होते हुए पनारा पहुंचना था। मगर इन्हें लानाचेता में ही रोक दिया गया। काफी देर तक यह हंगामा चलता रहा। समझाने के बाद तब कहीं जाकर विनय कुमार अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए यहां से निकले।
संगठन के उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर सहित सुनील ठाकुर, अशोक ठाकुर आदि ने कहा कि धर्मशाला व शिमला में हमारे सवर्ण भाइयों को काफी परेशान व प्रताड़ित किया गया। किसी भी नेता ने सवर्ण समाज की पैरवी नहीं की। यहां तक जब सवर्ण समाज के लोगो को जेलों में डाला गया, तब भी किसी ने मुंह तक नहीं खोला। अब समय आ गया है कि इन लोगों को हम गांव में नहीं घुसने दिया जाएगा। आगे अभी विस चुनाव आने है, तब प्रचार में कई दलों के लोग आएंगे। मगर इन लोगों का बहिष्कार किया जाएगा।