कलाकारों ने ‘देखो-देखो धरती पे आपदा क्या आई’ गीत के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

5 अक्तूबर। पूजा कला मंच बाड़ीधार (सरयांज) के कलाकारों द्वारा आज सोलन ज़िला के नालागढ़ उपमण्डल के अंतर्गत बद्दी तहसील की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साईं तथा नालागढ़ के पुराना बस अड्डा के समीप नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव के बारे जागरूक किया।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक व गीत संगीत के माध्यम से बताया कि आपदा के दौरान बचाव के लिए शीघ्र सावधानियां बरतनी आवश्यक हैं। इसमें देरी जानो-माल के नुकसान को और बढ़ा सकती है, इसलिए आपदा के समय बचाव की जानकारी रखना और त्वरित प्रतिक्रिया करना आवश्क है।
कलाकारों ने आपदा पर आधारित समूह गान ‘कुदरत से छेड़खानी सबको पड़ेगी भारी’ तथा ‘भूकम्प बाढ़, आंधी सूखा करे तबाही’, लघु नाटिका ‘समर्थ’ तथा ‘देखो-देखो धरती पे आपदा क्या आई’ तथा ‘बेकजूर लोका रो जान भी चलीगी देखो-देखो’ गीत के माध्यम से लोगों को आपदा से बचाव के सम्बन्ध में जागरूक किया।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताया कि भारी वर्षा, भूकम्प या बाढ़ से जमीन घसने जैसे आपदाएं आने पर लोगों को बिना भगदड़ मचाए संयम से एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए जिससे कम से कम नुकसान हो। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा की परिस्थिति में टोल फ्री नम्बर 1077 पर काल कर सकते हैं।
ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला साईं के प्रधानाचार्य विवेक सहित स्कूल के अध्यापक व छात्र तथा ग्रामीण उपस्थित थे।

News Archives

Latest News