DNN धर्मशाला
खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने रविवार को धर्मशाला पुलिस मैदान में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय रैडक्रॉस मेले का शुभारंभ करते हुए रैडक्रॉस गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अधिक से अधिक नागरिकों को सोसायटी की कल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करने को कहा ताकि जरूरतमंद लोगों की सेवा एवं सहायता के लिए अधिक से अधिक धनराशि एकत्रित की जा सके और समाज कल्याण के विभिन्न कार्य नियमित रूप से किए जा सकें।
खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि यह सराहनीय है कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा स्वयं प्रेरित सेवा एवं सर्वभौमिकता के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए गरीबों एवं जरुरतमंद व्यक्तियों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सोसायटी ेजरूरतमंदों को धनराशि की व्यवस्था, निशुल्क दवाई वितरण, एम्बुलेंस वाहन, कृत्रिम अंग प्रदान करने, रक्त दान शिविर, फिजियोथेरेपी इत्यादि की व्यवस्था के अलावा नशा निवारण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
प्रदेश सरकार ने चलाई हर वर्ग के उत्थान के लिए योजना
किशन कपूर ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के नागरिकों और मजदूरों के लिए कई नई योजनाएं शुरू की गई हैं। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य में सहभागिता योजना तथा मुख्यमंत्री निरोग योजना चलाई गई है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों से इन योजनाओं की पूरी जानकारी लें तथा इनका लाभ उठाएं।















