DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
06 सितंबर। सोलन के कथेड़ बायपास पर प्रस्तावित मल्टी स्पेशयलिटी अस्पताल का तीन बार बनाया गया कंटूअर प्लान सिरे नहीं चढ़ा है। अब विभाग द्वारा फिर से ततीमा में मुताबिक निशानदेही करवाई है। अब जल्द विभाग को नया कंटूअर प्लान मिल जाएगा। बता दे कि कथेड़ बायपास में मल्टी स्पेशयलिटी अस्पताल बनाने को लेकर कवायद चली हुई है। विभाग द्वारा निशानदेही का कार्य भी करवा लिया है, लेकिन कंटूअर प्लान पुनः बनाया जाएगा। शनिवार को कथेड़ में प्रस्तावित नए अस्पताल के लिए चयनित भूमि पर चौथे चरण की निशानदेही कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए शनिवार को लोनिवि के अधिकारियों सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अस्पताल की भूमि ज्यादा होने के चलते निशानदेही के कार्य को चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। निशानदेही के बाद जल्द ही इसकी रिपोर्ट अस्पताल प्रबंधन को सौंपी जाएगी।
अस्पताल के निर्माण को लेकर शिमला में आर्किटेक्ट की टीम से संपर्क साधा जाएगा। अस्पताल प्रबंधन से के अनुसार इससे पहले भी तीन बार निशानदेही का कार्य किया जा चुका है। यह अस्पताल बाईपास के नजदीक कथेड़ में बनाया जाएगा लेकिन बीच में सेना की भूमि का कुछ हिस्सा आने के बाद निशानदेही की प्रक्रिया को अधर में ही रोकना पड़ा था। अस्पताल प्रबंधन के जिला प्रशासन से संपर्क साधने के बाद कार्य को फिर से शुरू किया है। रिपोर्ट आने के बाद लोनिवि भी ले आउट के कार्य को शुरू कर सकेगा।
चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का डा. अशोक हांडा ने कहा कि जल्द ही रिपोर्ट अस्पताल प्रबंधन को मिलेगी। इसके बाद अस्पताल बनाने के लिए आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। कहा कि अस्पताल को ईको फ्रेंडली बनाने समेत अन्य प्रस्ताव पहले ही स्वीकृति के लिए भेजे जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला स्वास्थ्य विभाग सोलन डा. राजन उप्पल का कहना है कि नए अस्पताल को लेकर निशानदेही का कार्य पूरा किया गया है। जल्द ही कंटूअर प्लान तैयार कर दिया जाएगा।














