DNN ऊना
6 अगस्त। कृषि उपज मंडी समिति ऊना की एक बैठक समिति के अध्यक्ष बलवीर सिंह बग्गा की अध्यक्षता में हुई, जिसमें एडीसी डॉ. अमित कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में वर्ष 2021-22 के लिए अनुमोदित आय 6.85 करोड़ रुपए तथा 1.84 करोड़ रुपए व्यय का निर्धारण किया गया।
बैठक में बलबीर सिंह बग्गा ने कहा कि टकारला उप-मंडी में शैड व अन्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऊना मंडी में चार दीवारी को ठीक करवाने के साथ सोलर पैनल लगाने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत मंडियों में कूड़ा निस्तारण संयत्र लगाने का भी सुझाव दिया। बग्गा ने कहा कि एफसीआई के माध्यम से जिला ऊना में सबसे अधिक रिकॉर्ड 42 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद किसानों से की गई, जिससे न सिर्फ किसानों की बड़ी मदद हुई, बल्कि मंडी समिति को भी 8.43 लाख रुपए की आय हुई। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर हिमफैड तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से किसानों से फसल की खरीद करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बैठक में उप-निदेशक पशु पालन विभाग डॉ. जय सिंह सेन ने कहा कि एक अगस्त से विभाग ने पंचायत स्तर पर गाय व भैंसों का कृत्रिम गर्भाधारण के लिए टीके लगाने का अभियान छेड़ा है। वहीं अन्य विभाग के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं पर प्रकाश डाला।
बैठक में एपीएमसी अध्यक्ष बलवीर सिंह बग्गा ने सभी सदस्यों से सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न हितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयास करने की अपील की, ताकि पात्र व्यक्तियों तक उनका लाभ पहुंच सके।
बैठक में एपीएमसी अध्यक्ष बलबीर बग्गा ने अनुराग ठाकुर को केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाए जाने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया।
समिति के सदस्यों अमृत लाल भारद्वाज व सतीश ठाकुर ने रामपुर मंडी में किसानों की सुविधा के लिए खरीद केंद्र स्थापित करने की मांग की। बैठक के दौरान पूर्व सचिव सर्वजीत डोगरा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
बैठक में डॉ. जय सिंह सेन, डॉ. रमेश, डॉ. एस.एस चंदेल, शंभू गोस्वामी, सुखदेव, कुलदीप सैणी, विनोद ठाकुर, डॉ. मीनाक्षी तथा एपीएमसी सचिव भूपेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे।















