DNN मंडी
06 अप्रैल आम आदमी पार्टी को राजनीति करनी नहीं आती है बल्कि आप आम जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए काम करती है और जनता को आधारभूत सुविधाएं देने का कार्य करती है। यह बात बुधवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंडी शहर में एक रोड शो के दौरान अपने संबोधन में कही। इस दौरान उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे। सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिला में निकाले गए आप के इस रोड शो में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। रोड शो शहर के विक्टोरिया पुल से शुरू होकर ऐतिहासिक सेरी मंच पर आकर संपन्न हुआ। इस दौरान वाहन से ही दो तीन स्थानों पर आप के दोनों मुख्यमंत्रियों ने जनता को संबोधित भी किया। अपने संबोधन में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल की जनता से एक मौका मांगा है। उन्होंने कांग्रेस व भाजपा पर भी कई जुबानी हमले किए। उन्होंने कहा कि दोनों ही दलों ने कई वर्षों तक बारी बारी हिमाचल प्रदेश को लूटा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों से आप को मात्र एक मौका पांच वर्षों के लिए देने की अपील की। केजरीवाल ने कहा कि आप राष्ट्रभक्ति और कट्टर ईमानदार लोगों की पार्टी है। जो निश्चित तौर पर हिमाचल में भी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने को प्रतिबद्ध है।
अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रीय संयोजक आप वहीं मंडी में निकाले गए रोड शो में पंजाब के सीएम भगवंत मान कांग्रेस पर ज्यादा हमलावर दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जिसमें कई नेता साठ वर्ष से ऊपर हो गए हैं और वे अभी भी युवा नेता की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मात्र परिवार की पार्टी है और वह मिटने की कगार पर है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब और दिल्ली की तर्ज पर आप की सरकार हिमाचल प्रदेश में बनाना भी लाजमी हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज का रोड शो देखकर आप नेताओं को तो चैन की नींद आएगी लेकिन कुछ दलों की नींद जरूर उड़ेगी। लोगों के समर्थन के लिए नेताओं ने समस्त जनता का आभार भी जताया।















