हल्द्वानी। एसटीएफ कुमाऊं युनिट पंतनगर ने एक बड़ी कार्रवाई में अवैध हथियारों के बड़े डीलर की गिरफ्तारी की है। आरोपी के कब्जे से 3 पिस्टल (.32 बोर सेमी आटोमेटिक) व .32 बोर की छह मैगजीन बरामद की है। खास बात यह है कि अवैध हथियारों का यह डीलर असलहों को बहेड़ी, बरेली व उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों से खरीद फरोख्त कर जनपद नैनीताल व उधम सिंह नगर में सप्लाई करता था। उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड व उप्र. बार्डर पर अवैध हथियारों की तस्करी व अपराधों पर कड़ी नजर रखने हेतु उप महानिरीक्षक देहरादून रिद्विम अग्रवाल ने एसटीएम कुमाऊं युनिट, पंतनगर का निर्देशित किया था। इस आदेश के क्रम में एसटीएफ ने थाना पुलभट्टा क्षेत्र अंतर्गत पुलभट्टा सितारगंज रोड पर बहेड़ी तिराहे के पास गुरूनानक फार्म से आगे डिनरी पुल क्षेत्र से अभियुक्त की गिरफ्तारी की। उसने पूछताछ में अपना नाम बाबू पुत्र स्व. अब्दुल रशीद बख्श, निवासी जाम बाजार, सावंत सुमाली, थाना बहेड़ी, जिला बरेली उप्र. बताया। उसकी उम्र 36 साल है। अभियुक्त से 03 पिस्टल प्वाइंट 32 बोर सेमि आटोमेटिक व 6 मैगजीन .32 बोर के साथ करीब 2 बजे बरामदगी हुई। अभियुक्त के विरूद्ध थाना पुलभट्टा में धारा 25 शस्त्र अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त से बरामद उक्त पिस्टलों के मैगजीन की कैपीसिटी 8 राउंड है। उसने पूछताछ में यह भी बताया कि उक्त असलहों को बहेड़ी, बरेली व उप्र. के अन्य क्षेत्रों से खरीद—फरोख्त कर उत्तराखंड के जनपद नैनीताल व उधम सिंह नगर के जिलों में सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तारी करने वाली कुमाऊ युनिट टीम में निरीक्षक एमपी सिंह, कांस्टेबल महेंद्र गिरि, किशोर कुमार, गोविंद सिंह बिष्ट, विरेंद्र सिंह चौहान, दुर्गा सिंह पापड़ा, कां. चालक भूपेंद्र सिंह मर्तोलिया शामिल थे।
