इन गौशालाओं को मिलेगी 1 साल में 12 लाख की तूड़ी

Baddi + Doon Others

डीएनएन नालागढ़
दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि प्रदेश सरकार गौवंश को संरक्षण प्रदान करने के लिए कई पग उठा रही है। इसी कड़ी में नालागढ़ उपमंडल के अंतर्गत संभावित स्थानों पर गौशालाओं का निर्माण करवाया जा रहा हैं। विधायक नालागढ़ उपमंडल के मलकूमाजरा में हरे कृष्णा गौशाला समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों ने भी गाय के महत्व को माना है और गाय न केवल पूजनीय है अपितु आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने का श्रेष्ठ साधन है। उन्होंने कहा कि देश विदेश के अनेक वैज्ञानिकों ने प्रयोगों से यह सिद्ध किया है कि गाय के गोबर में विभिन्न विषैले कीटाणुओं को मारने की क्षमता है तथा गाय के गोबर से बने उपले अग्नि के साथ मिलकर संपूर्ण वायुमंडल को स्वच्छ बनाते हैं।
विधायक ने कहा कि वृंदावन और कुरूक्षेत्र पूरे भारतवर्ष में गौ सेवा के उत्कृष्ट उदाहरण हैं तथा उनके विधानसभा क्षेत्र से भी प्रत्येक पंजीकृत गौशाला से दो-दो संचालकों को गौ पालन के गुर सीखने के लिए इन क्षेत्रों का दौरा करवाया जाएगा। उन्होंने इस प्रकार के दौरों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से एक लाख रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भविष्य मंे भी इस तरह के दौरों के लिए वे अपनी ऐच्छिक निधि से धन उपलब्ध करवाते रहेंगे।
उपमंडलाधिकारी प्रशांत देष्टा ने इस अवसर पर कहा कि नालागढ़ उपमंडल में 16 ऐसी गौशालाएं हैं जो स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा चलाई जा रही हैं। पंजीकृत गौशालाओं को पशुपालन विभाग द्वारा एक वर्ष में 12 लाख की तूड़ी वितरित की जाती है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सनेड़ के हांडा खुंडी में गौशाला निर्माण के लिए सौ बीघा भूमि के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इस गौशाला में गायों के अलावा नंदी बैलों को भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है तथा इसके लिए हम सभी को पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नालागढ़ उपमंडल में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की तुलना में सर्वाधिक गौशालाएं हैं। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष धर्मपाल सिंह चौहान, पुलिस उप अधीक्षक नालागढ़ अनिल वर्मा, नगर परिषद बद्दी के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. राजीव वालिया, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता, विभिन्न गौशाला संचालक उपस्थित थे।

News Archives

Latest News