Dnewsnetwork
सोलन : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शनिवार को विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026–27 के बजट की जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष सुभाष वरमानी ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आर्थिक चुनौतियों के बीच यह बजट प्रदेश के समग्र विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और जनकल्याण को नई दिशा प्रदान करने वाला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को मिलने वाले राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) में कटौती के बावजूद मुख्यमंत्री ने सीमित संसाधनों के बीच संतुलित, दूरदर्शी और जनहितकारी बजट प्रस्तुत किया है। वित्तीय चुनौतियों के बावजूद किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं, जो प्रदेश के विकास को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि बजट में ग्रामीण विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने, स्वावलंबन को बढ़ावा देने और गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से संबंधित योजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगी। इसके साथ ही कृषि, बागवानी, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान किसानों और पशुपालकों के लिए लाभकारी होंगे तथा स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि का निर्णय भी सराहनीय है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि दूध के खरीद मूल्य को बढ़ाकर गाय के दूध के लिए 61 रुपये और भैंस के दूध के लिए 71 रुपये प्रति लीटर करने का निर्णय प्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ा प्रोत्साहन है, जिससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और डेयरी क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास को बढ़ावा देने, प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा स्लो टूरिज्म को प्रोत्साहित करने की पहल से पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने कहा कि विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी का निर्णय भी सराहनीय है, जिससे आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा वर्कर्स सहित अन्य वर्गों का मनोबल बढ़ेगा और हजारों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन में वृद्धि जैसी घोषणाएं भी समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी।















