आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का कार्यान्वयन सुनिश्चित बनाएं अधिकारी- डॉ. बाल्दी

Others Solan

DNN सोलन

अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी ने सोलन जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं का पूर्ण प्रचार सुनिश्चित बनाएं और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि लक्षित वर्ग इन योजनाओं से समय पर लाभान्वित हो सकें। डॉ. बाल्दी गत सांय यहां विभिन्न विभागों द्वारा कार्यान्वित की जा रही महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

डॉ. बाल्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने प्रथम बजट में 30 नई योजनाएं प्रस्तुत की हैं। इन योजनाओं का मुख्य लक्ष्य समाज के विभिन्न वर्गों को समय पर लाभान्वित करना है। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकांश योजनाओं को प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने यह सुनिश्चित बनाया है कि योजनाओं के विस्तृत दिशा-निर्देश एवं इनके अन्तर्गत आबंटित धन विभागों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सफल कार्यान्वयन जिला स्तर पर होता है। इसके लिए आवश्यक है कि जिला स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर योजनाओं को लक्षित वर्गों तक पहुंचाएं।

अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना, मुख्यमंत्री लोक भवन योजना, आदर्श विद्या केंद्र योजना, हिमाचल प्रदेश गृहिणी सुविधा योजना, दुग्ध उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री निरोग योजना, शून्य लागत प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना, जल कृषि योजना, बहाव सिंचाई योजना, सौर सिंचाई योजना, हिमाचल प्रदेश पुष्प क्रांति योजना, मु यमंत्री मधु विकास योजना, वन समृद्धि-जन समृद्धि योजना, विद्यार्थी वन मित्र योजना, हिमाचल प्रदेश सड़क सुधार योजना तथा महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं को आमजन तक विभिन्न लाभ समय पर पहुंचाने के लिए कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सभी योजनाएं प्रदेश के समग्र विकास के लिए आवश्यक हैं।

डॉ. बाल्दी ने उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए कि जिले में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए जिला के अग्रणी बैंक के सहयोग से सभी बैंकों की एक बैठक आयोजित करें। इस बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को योजना के विस्तृत दिशा-निर्देश एवं कार्यान्वयन प्रणाली की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा आजीविका योजना के लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभागों का बेहतर एवं नियमित समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सोलन जिले में हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के प्रथम चरण में निर्धारित लक्ष्य को समय से पूर्व पूरा करने के लिए जिला प्रशासन एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को बधाई दी। सोलन जिले में योजना के तहत प्रथम चरण में सभी 2328 लाभार्थियों को रसोई गैस कुनैक्शन प्रदान कर दिए गए हैं।

 

News Archives

Latest News