DNN कुल्लू।
जिला कुल्लू के उपमण्डल आनी के खनाग के साथ लगते नाले में एक कार खाई से लुढ़क गई। इस सड़क दुर्घटना में कार चालक की मौत हो गई है। इसके अलावा कार में सवार चार अन्य महिलाओं को भी चोट आई है। महिलाओं का आनी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। आनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लझेरी के खनाग के साथ लगते नाले में यह कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने सभी घायलों को खाई से निकाला और उन्हें निजी वाहनों में बैठाकर आनी अस्पताल के लिए भेज दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही कार के चालक की मौत हो गई। जबकि बाकी अन्य 4 घायल महिलाओं का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। डीएसपी रविंद्र नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।















