DNN मंडी
13 दिसम्बर। जिला मंडी के करसोग उपमंडल के तहत अति दुर्गम पंचायत शलाग के तहत तरनाल गांव में आग लगने से दो मंजिला मकान जलकर राख हो गया। यहां रविवार रात 11 बजे के करीब मकान ने आग की लपटें उठने लगी और देखते ही देखते मकान पूरी तरह से राख हो गया।
पंचायत प्रधान सुनीता के अनुसार घटना के वक्त साथ लगते गांव कुंड में देवता पधारें थे, जहां गांव के लोग देवता के दर्शन करने गए थे। इसी बीच जब देवता के दर्शनों के बाद लोग घर वापिस लौट रहे थे, तो रास्ते में तरनाल गांव में गोपाल सिंह के घर से आग की भंयकर लपटें उठ रही थी। उस समय घर पर गोपाल सिंह का बेटा मौजूद था। मकान में करीब 12 से 15 कमरें थे, जो दो परिवारों का सांझा मकान बताया जा रहा है।
स्थानीय लोग देर रात तक आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन भीषण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। ऐसे में मकान में आग लगने से गरीब परिवार की जिंदगी भर की कमाई राख हो गई।
बता दें कि यह नवगठित पंचायत सड़क सुविधा से नहीं जुड़ी है। अभी ये पंचायत सड़क से 2 से 3 किलोमीटर दूर है। अगर गांव के लिए सड़क होती, तो शायद अग्निशमन की मदद से आग पर काबू पाया जा सकता था। आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ है।















