अवैध अफीम की खेती 1,155 अफीम डोडा के पौधे बरामद

Crime Shimla

Dnewsnetwork

नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना ठियोग द्वारा अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,155 अफीम डोडा (ओपियम पॉपी) के पौधे बरामद किए गए हैं तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी गौरव सिहं ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव झल्ली, डाकघर जैस, तहसील ठियोग, जिला शिमला स्थित एक बागीचे में दबिश दी। तलाशी के दौरान सेब के पेड़ों के बीच अवैध रूप से अफीम डोडा के पौधे उगाए हुए पाए गए। मौके पर एक व्यक्ति इन पौधों की देखभाल करता हुआ मिला।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उक्त व्यक्ति अफीम की खेती के संबंध में कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने पौधों को उखाड़कर गिनती की, जिसमें कुल 1,155 छोटे-बड़े अफीम डोडा के पौधे पाए गए। बरामद पौधों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। इस मामले में पुलिस ने थाना ठियोग में धारा 18 एनडीपीएस अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया है। मामले में सुनील कुमार निवासी शिमला, आयु 37 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है।

News Archives

Latest News