DNN शिमला
18 अप्रैल। सिरमौर जिला से ताल्लुक रखने वाले अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा सोमवार दोपहर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राज्य प्रभारी सत्येंद्र जैन की मौजूदगी में उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थामा।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के दौरान धावक सुनील शर्मा ने कहा कि वह अपने जीवन में अब तक लगभग दो लाख किलोमीटर की दौड़ लगा चुके हैं, लेकिन थकान नहीं हुई। मगर हिमाचल प्रदेश सचिवालय के चक्कर काटते-काटते वह थक चुके हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्पोर्ट्स को लेकर दोहरे मापदंड हैं। सिफारिश हो, तो ऐसी खेलों की नीति तैयार कर दी जाती है, जिसे पूरी दुनिया में चंद देश ही खेलते हैं। उन्होंने कहा कि वह क्रिकेट को लेकर कोई आरोप नहीं लगा रहे है, लेकिन यह जरूर कहना चाहते हैं कि क्रिकेटर को चंद मिनटों में ही नौकरियों और ईनामों की घोषणा कर दी जाती है।
उल्लेखनीय है कि सुनील शर्मा ने अल्ट्रा मैराथन व सामाजिक कार्यों में एक अलग मुकाम हासिल किया है। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के माईना बाग हैलीपैड पर समूचे सिरमौर के भाजपा नेताओं ने एक कागज पर हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री से सुनील को डीएसपी का पद देने की वकालत की थी। इस बात को चार साल का समय बीत चुका है, लेकिन कुछ नहीं बना। ऐसे में आज वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
बता दें कि सुनील के साथ श्री रेणुका जी से सुरेंद्र ठाकुर, ददाहू से दंत चिकित्सक डॉ. दिनेश, श्री रेणुका जी से जय प्रकाश व नाहन में मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाने वाले सुभाष शर्मा इत्यादि ने भी आम आदमी पार्टी में शामिल हुए है।















