DNN सोलन
अर्की नगर पंचायत के हुए चुनावों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यहां पर 7 में से 5 सीटों पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है। जबकि मात्र 2 सीटों पर ही भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीत दर्ज करने में कामयाब हुए हैं।
नगर परिषद व नगर पंचायतों के चुनाव को सरकार के पिछले 3 साल की उपलब्धियों से जोड़कर देखा जा रहा था। ऐसे में अर्की में भाजपा की जबरदस्त हार यहां के नेताओं के लिए यह बड़ा झटका है। चुनाव नतीजों से अर्की भाजपा के नेताओं की किरकिरी भी हुई है। अर्की से भाजपा में एक नहीं कई नेता प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन नगर पंचायत अर्की के चुनाव हारना अर्की में भाजपा के नेताओं के बीच चल रही अंदरूनी जंग को भी उजागर कर गया है। भाजपा नेता रतन पाल व अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा की प्रतिष्ठा भी इन चुनावों में कहीं न कहीं जुड़ी थी । वही इन चुनाव परिणामों से कांग्रेस में अब एक नए रक्त का संचार होने की उम्मीद है क्षेत्र में निष्क्रिय पड़े कांग्रेसी एक बार फिर इस जीत के बाद नई ऊर्जा के साथ भाजपा की घेराबंदी कर सकते हैं।















