अब सिनफ्ऱ डॉग्स करेगा जंगलों की रखवाली

Himachal News Others Shimla

DNN शिमला (रमेश वर्मा)

प्रदेश में लगातार बढ़ रहे वन क्राइम को रोकने के लिए प्रदेश वन विभाग भी अब पुलिस की तर्ज पर स्निफर डॉग स्क्वायड की मदद लेगा। दुर्लभ जड़ी-बूटियों व वन्य जीवों की खाल की अवैध तस्करी को रोकने के लिए वन विभाग नैशनल हैरिटेज पार्क में स्निफर डॉग स्क्वायड टीमें तैनात करने जा रहा है। ये टीमें ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क की सैंज, जीवालाल व तीर्थन रेंजों में तैनात की जाएंगी। इसके लिए प्रथम चरण में एक टीम को तैयार किया जा रहा जिसे सैंज रेंज में तैनात किया जाएगा। इस समय सैंज रेंज के 2 गार्डों व डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ. इंडिया द्वारा प्रदेश वन विभाग को दिए गए एक स्निफर डॉग की टीम को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस टीम को जंगल में हो रही अवैध तस्करी को रोकने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। वहीं टीम में शामिल स्निफर डॉग को अवैध वन्य जीव उत्पादों जैसे बाघ और तेंदुए की खाल, हड्डियों और अन्य शरीर के अंगों, भालू पित्त, लाल सैंडर्स और अन्य अवैध वन्य जीव उत्पादों का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। यह टीम स्निफर डॉग के साथ वर्तमान समय में एस.एस.बी. ट्रेनिंग सैंटर ग्वालियर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। इस टीम को 9 महीने तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

8 वर्ष की होंगी सेवाएं
द ग्रेट हिमालयन नैशनल पार्क के पूर्व निदेशक व वन विभाग बिलासपुर के अरण्यपाल आर.एस. पटियाल ने बताया कि यह टीम अप्रैल माह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही और इस वर्ष के अंत तक अपनी सेवाएं सैंज रेंज में देना शुरू कर देगी। उन्होंने बताया कि यह जर्मन शैफर्ड नस्ल का स्निफर डॉग प्रशिक्षित होने के बाद 8 वर्ष तक अपनी सेवाएं देगा व उसके बाद उसे एक कर्मचारी की तरह सेवानिवृत्त किया जाएगा।

News Archives

Latest News