अब नहीं मिलेगी दोपहिया पर लिफ्ट

Crime Himachal News Solan

डीएनएन सोलन
सोलन के लोगों को अब वाहन चलाते समय सीट बेलट पहनना अनिवार्य होगा। इसके अलावा दोपहिया वाहनों में पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना होगा। जल्द ही कुछ दिनों तक जागरूकता अभियान चलाने के बाद पुलिस ऐसे मामलों में चालान काट सकती है। हालांकि सोलन में दोपहिया वाहनों में पीछे बैठे व्यक्ति का हेलमेट पहनना पहले भी अनिवार्य किया गया था, लेकिन तब यह योजना कुछ दिनों तक चलने के बाद फेल हो गई थी। सोलन जैसे छोटे शहर में लोगों में एक दूसरे को लिफ्ट दी जाती है और हेलमेट के चक्कर में लोग काफी परेशान हुए थे, लेकिन अब पुलिस दोबारा दोपहिया वाहन पर पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य करने जा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रदेश पुलिस मुख्यालय से पूरे प्रदेश में यातायात नियमों को और कड़ा करने के आदेश जारी हुए है। जिसके तहत प्रदेश भर में पुलिस ने अभियान छेड़ दिया है। हालांकि सोलन जैसे स्थान पर दोपहिया वाहनों के हादसों के मामले काफी कम है, लेकिन आदेश प्रदेश स्तर पर जारी होने के चलते पुलिस अब इन्हें अमलीजामा पहनाने में जुट गई है। अगले कुछ दिनों में इस दिशा में असर दिखाई दे सकता है। एस.पी. मोहित चावला ने कहा कि प्रदेश पुलिस प्रमुख की ओर से यह आदेश आए है। जिनके तहत चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेलट व दोपहिया वाहन में पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट पहनना अनिवार्य किया जा रहा है। कुछ दिनों तक जागरूकता अभियान के बाद पुलिस ऐसे उल्लंघनों पर भी चालान करेगी।

News Archives

Latest News