अब टीबी के एडवांस टैस्ट के लिए मरीजों को नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली, सोलन के धर्मपुर में नवंबर में मिलेगी टैस्ट सुविधा 

Himachal News Others Solan
DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
19 अक्तूबर।  प्रदेश में क्षय रोगियों को टीबी के एडवांस टैस्ट करवाने के लिए अब दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा और न ही इसकी रिपोर्ट के लिए 84 दिन का इंतजार करना पड़ेगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोग अस्पताल धर्मपुर में बीएसएल-3 अत्याधुनिक टैस्ट लैब लगवाई गई है, जोकि नवंबर माह के अंत में कार्य करना शुरू कर देगी। इससे जहां मरीजों को 42 दिन में टैस्ट की  रिपोर्ट मिलेगी, वहीं मरीज का इलाज भी जल्द शुरू हो सकेगा।
बता दें कि पदेश में एडवांस टीबी केस का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैम्पल लेकर जांच के लिए दिल्ली लैब में जांच के लिए भेजे जाते थे। कई बार यह भेजे गए सैम्पल इनकन्क्लूसिव निकलते थे, जिसके बाद सैम्पल पुनः लेकर जांच के लिए भेजे जाते थे। इन सैम्पलों की रिपोर्ट को आने में लगभग 84 दिन का लम्बा इंतजार मरीजों करना पड़ता था। रिपोर्ट आने के बाद ही मरीजों का इलाज शुरू होता था। मरीजों को जल्द रिपोर्ट मिल सके और जल्द इलाज हो सके इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोग अस्पताल धर्मपुर में बीएसएल-3 अत्याधुनिक लैब लगाई जा रही है।
इस लैब के स्थापित होने से हिमाचल के ड्रग रजिस्टेंट व एक्स्ट्रा पनल टीबी मरीजों में एडवांस टीबी केस का जल्द पता लग सकेगा। अभी तक इस टैस्ट में 84 दिन का समय लगता था, लेकिन अब मात्र 42 दिनों में इसकी रिपोर्ट मरीज को मिल सकेगी।
गौरतलब हो कि इससे पहले क्षय रोग अस्पताल धर्मपुर  माइक्रोस्कोपी, सीवी नार्डस, लाइन प्रॉग्रेसिव व  सोलिड कल्चर द्वारा रोगियों की जांच की जाती थी, लेकिन अब बीएसएल-3 से एडवांस टैस्ट भी टीबी के धर्मपुर अस्पताल में मिल पाएगी।
क्या कहना है नोडल आफिसर का 
क्षय रोग अस्पताल धर्मपुर के नोडल आफिसर डा. सतीश का कहना है कि टीबी एडवांस केस का पता लगाने के लिए बीएसएल-3 लैब का कार्य अंतिम चरणों में है। यह लैब नवम्बर माह के अंत मे कार्य करना शुरू करेगी। इससे रिपोर्ट मरीजों को 42 दिनों में मिलेगी। अभी तक इस एडवांस टैस्ट के लिए सैम्पल दिल्ली भेजे जाते थे और 84 दिन में रिपोर्ट आती थी।

News Archives

Latest News