DNN शिमला
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूल के छात्र भी अब महीने में एक दिन बिना बैग के स्कूल जाएंगे। इस दिन छात्र बिना बैग के स्कूल आएंगे और पूरा दिन खेलकूद और मस्ती करेंगे। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में महीने का चौथा शनिवार बैग फ्री होगा। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर जिलों के सभी उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार ने बजट सत्र में छात्रों के स्ट्रैस को दूर करने के लिए यह घोषणा की थी। इसके तहत महीने का चौथा शनिवार बच्चों के लिए बैग फ्री किया गया था। इसके साथ ही इस दिन छात्रों से पढ़ाई न करवाने का फैसला लिया था। इस दिन स्कूल में केवल सुबह की प्रार्थना सभा होगी, पेंटिंग कॉम्पीटिशन होगा, दोपहर का खाना होगा और इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताएं की जाएंगी। विभाग ने इस दौरान स्कूल प्रबंधक कमेटी के सदस्यों को भी स्कूलों में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।

















