DNN नोहराधार
03मई । समुद्रतल से 11965 फीट की उंचाई पर स्थित सिरमौर जिला की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की राहें अब आसान होने वाली है, क्योंकि यहां हर साल हजारों-लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए एक बेहतर ट्रैकरूट का निर्माण किया जा रहा है। यही नहीं 14 किलोमीटर के इस ट्रैक में पर्यटकों को ओर भी कई बुनियादी सुविधाएं मिल सकेगी, जिसका अक्सर चोटी पर अभाव बना रहता है।
दरअसल चूड़धार चोटी पर जाते समय अक्सर पर्यटक रास्ते में भटक जाते हैं। पूर्व में ऐसी कई घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लिहाजा भविष्य में इस तरह की घटनाएं पेश न आएं, इसके लिए यहां बेहतर तरीके से ट्रैकरूट विकसित किया जा रहा है। सरकार की नई मंजिले-नई राहे योजना के तहत करीब 1 करोड़ 93 लाख रूपए की राशि भी स्वीकृत की जा चुकी है। इसमें से पर्यटन विभाग द्वारा ट्रैकरूट सहित पर्यटकों के लिए अन्य बुनियादी सुविधाएं जुटाने के लिए 1 करोड़ 45 लाख रूपए की राशि लोक निर्माण विभाग संगड़ाह को जारी भी की जा चुकी है। टैंडर प्रक्रिया भी संपन्न हो चुकी है। चूंकि सर्दी के मौसम में चोटी पर बर्फबारी अधिक होने की वजह से कार्य शुरू नहीं किया जा सका, लिहाजा अब इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया गया है। इस योजना के तहत चूड़धार चोटी के ट्रैक रूट को विकसित किया जाएगा। साथ ही जगह-जगह पर्यटकों के बैठने, पीने के पानी, टायलेट, कैम्पिंग साइट इत्यादि की सुविधाएं जुटाई जाएंगी, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सके।
सिरमौर जिला के सहायक पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि चूड़धार चोटी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले हजारों-लाखों पर्यटन को सुविधाएं मिल सके। उन्होंने बताया कि सरकार की नई मंजिल-नई राहें योजना के तहत पर्यटकों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभाग प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत स्वीकृत 1 करोड़ 93 लाख रूपए की राशि पर्यटन विभाग द्वारा वन्य प्राणी विभाग के शिमला स्थित डीएफओ को दी गई है, जिसमें से करीब 1 करोड़ 45 लाख रूपए की राशि वन्य प्राणी विभाग द्वारा कार्य हेतू लोक निर्माण विभाग संगड़ाह को दी गई है। लिहाजा टैंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चूड़धार चोटी पर कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसके पूरा होने की उम्मीद है।
सहायक पर्यटन अधिकारी ने बताया कि नई मंजिलें-नई राहें योजना के तहत लोक निर्माण विभाग को जारी की गई राशि से यहां कई सुविधाएं पर्यटकों के लिए जुटाई जा रही है। इसके तहत चोटी के लिए स्थित 14 किलोमीटर ट्रेक को पर्यटकों के लिए बेहतर किया जाएगा। पर्यटकों के विश्राम के लिए जगह-जगह पर बेहतर सीटिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पर्यटक यहां के सुखद नेचर का आनंद ले सके। इसके अलावा छोटी सी कैम्पिंग साइट का भी यहां निर्माण किया जा रहा है।
राजीव मिश्रा, सहायक पर्यटक अधिकारी सिरमौर
बता दें कि चूड़धार चोटी शिरगुल महाराज की तीर्थ स्थली है, जोकि श्रद्धाुओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहती है। चोटी पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोगों को खासी दिक्कतों का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में नई मंजिले-नई राहे योजना के तहत चोटी पर किए जा रहे कार्यों से निसंदेह पर्यटकों को बड़ा लाभ मिलेगा और श्रद्धालुओं की संख्या में भी यहां ओर अधिक इजाफा हो सकेगा।















