हिमाचल-हरियाणा सीमा पर हीरे-सोने के जेवरात बरामद, कीमत जान रह जाएंगे हैरान

Crime Sirmaur

DNN  पांवटा साहिब

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सिरमौर पुलिस अलर्ट है। इसके चलते बाहरी राज्यों की सीमाओं को सील किया गया है और प्रत्येक वाहन की तलाशी के बाद ही उसे प्रदेश में दाखिल होने दिया जा रहा है।
इसी बीच गुरुवार देर रात हिमाचल व हरियाणा की सीमा पर पांवटा साहिब में पुलिस ने दिल्ली नंबर की एक कार की तलाशी के दौरान करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये कीमत के 3.270 किलोग्राम हीरे व सोने के जेवरात बरामद करने में सफलता हासिल की है। बताया जा रहा है कि यह जेवरात बिना चालान परमिट के ही ले जाए जा रहे थे। ऐसे में पुलिस की सूचना पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने इन जेवरातों को कब्जे में ले लिया है और चालक पर 9 लाख 35 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। मामले को लेकर जांच चल रही है। देर रात मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब पांवटा साहिब पुलिस ने इसकी जानकारी को अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया।
जानकारी के अनुसार चुनाव के चलते पुलिस बहराल बेरियर पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस ने सफेद रंग की टोयोटा इटियोस नं. डीएल8सीएबी-0439 की तलाशी ली। कार से 3.270 किलोग्राम हीरे और सोने के जेवरात मिले, जो बिना चालान परमिट के ले जाए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार कार से मिले जेवरातों की कीमत 1.60 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। चालक दिल्ली के करोल बाग से देहरादून आ रहा था। मामले की सूचना पुलिस ने राज्य कर एवं आबकारी विभाग को दी। विभाग ने चालक पर 9 लाख 35 हजार का जुर्माना लगाया है। फिलहाल जेवरातों को कब्जे में ले लिया गया है और आगमी जांच की जा रही है।
उधर पूछे जाने पर पांवटा साहिब के डीएसपी रमाकांत ने बताया कि डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की कीमत के जेवरात दिल्ली की कार से बरामद किए गए है। चालक पर आबकारी विभाग ने जुर्माना लगाया है। यह जेवरात बिना चालान परमिट के ही ले जाए जा रहे थे। मामले की जांच की जा रही है।

News Archives

Latest News