DNN ऊना
19 मई । जिला ऊना के तहत उपमंडल अंब में एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व एससी, एसटी एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल पुलिस को दी शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि अंकित शर्मा नाम के युवक ने उसे शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। युवक द्वारा उसे ये बताया गया था कि उसके माता पिता नहीं है और उसके दिल में छेद है। वह दिल का मरीज है और डॉक्टर ने उसे इलाज के लिए मना कर दिया है। इस तरह उसे बेबकूफ बनाकर उसके करीब आया। हालांकि ऐसा कुछ भी नहीं था। इसके बाद जब युवती के परिवार को इस सारे मामले का पता चला तो युवक को घर बुलाया गया। वहां भी अंकित ने युवती से शादी करने की बात कबूल की, लेकिन बाद में युवक के घर वालों ने फोन कर शादी करने से इंकार कर दिया, जिसकी वजह युवती का दलित जाति से संबंधित होना बताया गया। हालांकि अंकित शर्मा ने युवती से कहा की वह सबको समझा लेगा। युवती ने बताया कि वह 24 दिसंबर 2019 को अंकित के संपर्क में आई थी। युवती ने आरोप लगाया की अंकित उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए टॉर्चर करता था और हमेशा खुद को खत्म करने की धमकी देता था। जब वह संबंध बनाने से इंकार करती तो वह जान देने की धमकी भी देता था और उसके मना करने पर मारपीट भी करता था। युवती ने आरोप लगाया कि अंकित ने 12 जनवरी 2022 को एक मंदिर में उससे शादी भी की, लेकिन बाद में पता चला की यह मंदिर शादी के लिए मान्य नहीं है। उसके बाद 22 मार्च से वह लापता है। अंकित ने किसी दोस्त के मोबाइल से फोन कर कहा की वह उसे लेने आ रहा है, लेकिन अगर उसने किसी से शिकायत की, तो वह उसकी शादी का वीडियो वायरल कर देंगे। पीड़ित युवती ने आरोपित युवक के चाचा और बुआ पर भी उसके साथ बदतमीजी और उसे जाति सूचक शब्द बोलने के आरोप लगाए हैं। युवती ने पुलिस से उसे इंसाफ दिलाए जाने की गुहार लगाई है। वहीं इस मामले में एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने युवती की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुराचार व एसीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।















