Dnewsnetwork Solan
टैक्स बढ़ौतरी के विरोध में हिमाचल प्रदेश की गाड़ियों को हरियाणा में रोकने के बाद हिमाचल के ट्रक ऑपरेटरों ने भी सरकार से इस टैैक्स को लेकर पुर्न: विचार करने की मांग की है। सोलन में पत्रकारों से बातचीत में ऑल हिमाचल ट्रक आपरेटर यूनियन के प्रधान नरेश गुप्ता ने कहा कि यदि इसका समाधान जल्द नहीं किया गया तो उनकी गाड़ियां हरियाणा पंजाब में इंटर नहीं हो पाएगी जिससे भारी नुकसान का सामना करना पड़ेगा। ऑपरेटरों का कहना है कि वर्ष 2026-27 के लिए एंट्री टैक्स में 40.35 प्रतिशत से लेकर 78.13 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है, जो पिछले वर्ष 2025-26 की तुलना में काफी अधिक है। गुप्ता ने बताया कि 6 पहिया मालवाहक वाहनों का टैक्स 320 रुपए से बढ़ाकर 570 रुपए कर दिया गया है, जो 78.13 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं 25,000 किलोग्राम से अधिक जीवीडब्ल्यू वाले मल्टीएक्सल वाहनों का टैक्स 570 रुपये से बढ़ाकर 800 रुपए कर दिया गया है, जो 40.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है।
गुप्ता ने बताया कि उन्हें पहले से ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के टोल टैक्स का भुगतान करना पड़ता है, ऐसे में एंट्री टैक्स में इतनी अधिक वृद्धि उनके लिए आर्थिक रूप से भारी पड़ रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इस फैसले के बाद पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा भी इसी तरह का टैक्स लागू कर सकते हैं, जिससे उनकी समस्याएं और बढ़ जाएंगी। ट्रक ऑपरेटरों का कहना है कि उनकी आजीविका काफी हद तक पंजाब, हरियाणा और दिल्ली पर निर्भर है, जहां उन्हें अपनी नकदी फसल बेचने और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए जाना पड़ता है। ऐसे में बार-बार टैक्स का बोझ उनके व्यवसाय को प्रभावित करेगा।
इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान नीति के तहत 25,000 किलोग्राम से लेकर 60,000 किलोग्राम तक के वाहनों को एक ही श्रेणी में रखा गया है, जबकि इनकी लोड क्षमता 11 मीट्रिक टन से लेकर 42 मीट्रिक टन तक अलग-अलग होती है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर वे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिहं सुक्खू से मुलाकात कर चुके है और इस मामले में उन्हें आश्वासन दिया था , लेकिन अभी तक इस दिशा में कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि यह मुद्दा नहीं उलझा तो हिमाचल के ट्रकों को पंजाब व हरियाणा में नहीं भेजा जाएगा। जल्द ही बैठक करके वे इस मामले को लेकर निर्णय लेंगे। सोलन ट्रक यूनियन के प्रधान हरदेव वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा महेंद्र डोगरा रमेश गुप्ता सतीश रतन सहित अन्य ट्रक ऑपरेटर उपस्थित रहे।















