DNN शिमला ब्यूरो
05 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिक्षक दिवस की बधाई दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश के सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी के जीवन में सफलता के पीछे एक शिक्षक का हाथ होता है जोकि हमारे छात्र जीवन के समय से ही हमें सही मार्ग व दिशा पर चलने की प्रेरणा देता है।उन्होंने सभी शिक्षकों से आग्रह किया है कि तीन दशक बाद घोषित नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर करने की पहल करें और आत्मनिर्भर व आधुनिक भारत के निर्माण में अपना अहम योगदान दें।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति हमारे विद्यार्थियों को जड़ों से तो जोड़ेगी ही, इसके साथ उन्हें वैश्विक नागरिक बनने का भी पूरा सामथ्र्य देगी क्योंकि इस नीति में नवाचार पर बल देते हुए राष्ट्रीय अनुसंधान मंच (एनआरएफ) का गठन करने की बात कही गई है जो अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान को जितना बल उतना ही हम देश को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आगे ले जाने में सक्षम होंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक शिक्षक को राष्ट्रनिर्माता के रूप में भी जाना जाता है। भारत में गुरु-शिष्य की प्राचीन परम्परा आज भी कायम है जो पूरे विश्व में कहीं भी देखने को नहीं मिलती है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को आश्वासन दिलाया है कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करने के लिए अग्रणी राज्यों में रहेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आगामी एक-दो दिनों में शिक्षा नीति को लागू करने हेतु टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा उन्होंने कहा कि इस विषय को लेकर शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी अध्यापकों और शिक्षक विद्दो तथा राष्ट्रीय और राज्य पुरस्कार विजेता सेवानिवृत्त अध्यापकों से भी संवाद किया है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को शिक्षक दिवस की बधाई भी दी।















