DNN ऊना
21 अप्रैल। जिला ऊना पुलिस ने 9 अप्रैल को पक्का परोह में हुई चोरी की बड़ी वारदात को सुलझा लिया है। यहां एक कंपनी के गोदाम से करीब 150 बैटरी और ढाई लाख की नकदी पर हाथ साफ करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। वहीं चोरी की वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस ने करीब 1.95 लाख रुपए की रिकवरी भी इस मामले में की है। चोरी की इस वारदात में करीब 22 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था।
जिला के एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोप में पंजाब निवासी 6 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सूचना जुटाने के साथ-साथ सीसीटीवी की फुटेज को भी इस वारदात को सुलझाने में प्रयोग किया, जिसके आधार पर पुलिस इन आरोपियों तक पहुंच पाई। वहीं अब इस मामले की तहकीकात को आगे बढ़ाया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ के बाद अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।















