DNN सोलन
सोलन जिला की सड़कों पर हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार को यहां पर एक बार फिर सड़क हादसा हुआ है। एक ट्रक की ब्रेक फेल हो जाने के कारण वह आगे जा रही एक निजी बस से टकरा गया। जिसके चलते दोनों ही वाहन सड़क पर पलट गए। घटना में करीब 25 लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार परवाणू-शिमला राष्ट्रीय मार्ग पर जाबली के समीप क्रशर मोड़ पर निजी बस के सड़क में पलटने से कई सवारियां घायल हो गईं। घटना दोपहर बाद की है। सूचना पाते ही धर्मपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि कालका की ओर जा रही निजी बस को सेब से लदे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस क्रशर मोड़ के पास सड़क में ही पलट गई। उसके बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि बस में 20 से 25 के करीब सवारियां बैठी हुई थी। घायलों को सीएचसी धर्मपुर ले जाया गया है।















