DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
11 अक्तूबर। सोलन की सेब मंडी का जल्द ही कायाकल्प होने वाला है। सोलन में सेब मंडी की 39 बीघा जमीन का इंतकाल हो गया है। कथेड़ बाईपास पर अब मंडी समिति इस भूमि पर जल्द ही कार्य शुरू कर सकती है और लगभग अढ़ाई करोड़ की लागत से यहां पर स्टील स्ट्रक्चर बनाएगी। इसको लेकर मंडी समिति द्वारा कागजी कार्यवाही कर ली है और आगामी कार्य शुरू कर दिया है।
सेब मंडी का कायाकल्प कर यहां पर 200 मीटर का बेहतर ऑक्शन प्लेटफार्म तैयार किया जाएगा। यह स्ट्रक्चर स्टील का बना होगा। सेब मंडी में अभी तक शेड ही बनाए गए है और आढ़ती यहां पर सीजन के समय शेड का प्रयोग करते है और ऑफ़ सीजन में यह शेड खली पड़े रहते है। लेकिन अब इन शेड को मंडी समिति द्वारा जल्द ठीक करवाया जाएगा। इसी के साथ आढ़तियों को किराए पर यह शेड दिए जाएंगें। किराए पर दिए जाने के साथ ही मंडी समिति की इनकम भी बढ़ेगी। वहीं शेड के रख-रखाव भी होगा व बेहतर ऑक्शन प्लेटफार्म मिलने से कार्य भी बेहतर तरीके से किया जाएगा।
कृषि उपज एवं मंडी समिति, सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप ने बताया कि सोलन में सेब मंडी के लिए कथेड़ के समीप 39 बीघा जमीन का इंतकाल हुआ है। सेब मंडी में स्टील का स्ट्रक्चर भी बनाया जाना है। इसके लिए प्रपोजल तैयार कर लिया गया है और लगभग अढ़ाई करोड़ की लागत से इस मंडी में स्टील स्टक्चर तैयार होगा और आढ़तियों को बोली के लिए बेहतर ऑक्शन प्लेटफॉर्म मिलेगा।















